• LONDON
19 Jun 2026, (अपडेटेड 19 Jun 2026, 10:23 AM IST)
इंग्लैंड में आयोजित हो रहे विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए प्रेमा रावत को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। 24 साल की प्रेमा अभी तक कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेली हैं।
ICC विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम को अपने स्क्वॉड में बदलाव करना पड़ा है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की स्टार लेग स्पिनर प्रेमा रावत को इंजरी रिप्लेसमेंट के रूप में टीम इंडिया में शामिल किया गया है। प्रेमा को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है। 24 साल की प्रेमा स्पिन ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल की जगह लेंगी।
श्रेयंका बुधवार (17) को नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान चोटिल हो गई थीं। फील्डिंग करते समय उनका टखना मुड़ गया था, जिसके बाद उन्हें स्ट्रेचर से मैदान से बाहर ले जाया गया। स्कैन्स के बाद उनकी चोट की गंभीरता का पता चला और उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान किया गया। प्रेमा इंडिया-ए टीम के साथ इंग्लैंड में ही हैं, जिससे वह जल्दी ही वर्ल्ड कप स्क्वॉड के साथ जुड़ जाएंगी।
चोटिल होने के बाद दर्द से कराहतीं श्रेयंका पाटिल, Photo Credit: BCCI Women/X
राइजिंग स्टार एशिया कप में चमकीं प्रेमा
प्रेमा ने इस साल की शुरुआत में राइजिंग स्टार विमेंस एशिया कप में इंडिया-ए के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उन्होंने 4.27 की इकॉनमी से 8 विकेट झटके इंडिया-ए को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। प्रेमा को विमेंस प्रीमियर लीग में RCB के लिए पिछले दो सीजन में 6 मुकाबले खेलने का मौका मिला है, जिसमें उन्होंने 3 विकेट लिए हैं। वह उत्तराखंड के लिए घरेलू क्रिकेट खेलती हैं।
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का आगाज अच्छा रहा है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ने पाकिस्तान और नीदरलैंड्स को बड़े अंतर से हराकर ग्रुप-ए में टॉप पर कब्जा जमाया हुआ है। टीम इंडिया को अब रविवार (21 जून) को साउथ अफ्रीका की चुनौती का सामना करना है। अगर हरमनप्रीत ब्रिगेड इस मुकाबले में जीत हासिल कर लेती है, तो उसकी सेमीफाइनल में जगह लगभग पक्की हो जाएगी।