भारत के लिए वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप में शुक्रवार का दिन निराशाजनक रहा। आज कोई भी भारतीय पहलवान क्वार्टर फाइनल में जगह नहीं बना पाया। हालांकि निखिल ने मेंस 61 किलोग्राम वर्ग में ईरान के वर्ल्ड सिल्वर मेडलिस्ट अहमद मसूद मोहम्मदनेजादजाव को कड़ी टक्कर दी। निखिल ने 0-8 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए लगातार 9 अंक बनाकर 9-8 की बढ़त हासिल की लेकिन आखिर में उन्हें इस प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में 9-10 से हार का सामना करना पड़ा।
इससे पहले निखिल ने क्वालिफाइंग राउंड में बुल्गारिया के मिक्याय नईम को 12-2 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी। पुष्पेंद्र दलाल ने भी मेंस 86 किलोग्राम वर्ग में अच्छी शुरुआत करते हुए लगातार दो मुकाबले जीते लेकिन उनका अभियान भी प्री-क्वार्टर फाइनल में थम गया। उन्होंने पहले दौर में मिस्र के मोहम्मद को 10-8 से हराया और फिर मोरक्को के मोहम्मद अमीन पर 17-9 से जीत दर्ज की। इसके बाद वह अपनी लय बरकरार नहीं रख सके और प्री-क्वार्टर फाइनल में अजरबैजान के आर्सेनी जिओयेव से 2-7 से हार गए।
यह भी पढ़ें: IND vs NZ: श्रेयस अय्यर ने गेंदबाजों पर फोड़ा हार का ठीकरा, बताया कहां पलटा मैच
विशाल क्वालिफाइंग राउंड में ही हारे
मेंस 125 किलोग्राम वर्ग में जसपूरन सिंह ने क्वालिफाइंग राउंड में रोमानिया के उमर सरेम पर 8-4 की जीत के साथ शुरुआत की लेकिन प्री-क्वार्टर फाइनल में ईरान के डबल ओलंपिक मेडलिस्ट अमीर हुसैन जारे से 0-11 से हार गए।
मेंस 70 किलोग्राम वर्ग में विशाल कालीरमण का अभियान क्वालीफाइंग राउंड में ही समाप्त हो गया। उन्हें तुर्की के फरहत किलिक के हाथों 2-7 से हार का सामना करना पड़ा। विकी हुड्डा भी मेंस 97 किलोग्राम वर्ग के रेपचेज में ईरान के हसन याजदानी से 0-10 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
यह भी पढ़ें: फिलिप्स-ब्रेसवेल के तूफान के बाद डफी ने बरपाया कहर, बुरी तरह हारी टीम इंडिया
अब मनीषा भानवाला पर टिकी निगाहें
भारत को अब मनीष भानवाला से उम्मीदें हैं। मनीषा विमेंस 59 किलोग्राम वर्ग के गोल्ड मेडल मुकाबले में मैट पर उतरने वाली हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में मंगोलिया की बोलोरतुया खुरेलखु को हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया। मनीषा ने सिल्वर पक्का कर लिया है। गोल्ड के लिए उनका सामना अमेरिका की एबिगेल एलिजाबेथ नेटे से होने वाला है।