logo

ट्रेंडिंग:

WPL: अमेलिया केर की मेहनत पर फिरा पानी, लगातार दूसरा मैच हारी मुंबई इंडियंस

लेग स्पिन ऑलराउंडर अमेलिया केर ने 3 विकेट लेने के बाद 28 गेंद में 49 रन की पारी भी खेली लेकिन उनकी मेहनत बेकार चली गई। यूपी वॉरियर्स के 187 रन के जवाब में मुंबई इंडियंस 165 रन ही बना सकी।

Amelia Kerr Batting WPL

शॉट खेलतीं अमेलिया केर, Photo Credit: WPL/X

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में शनिवार को डबल हेडर के पहले मुकाबले में यूपी वॉरियर्स और मुंबई इंडियंस की टक्कर हुई। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में यूपी वॉरियर्स ने मुंबई इंडियंस को 22 रन से हरा दिया। यह मुंबई इंडियंस के खिलाफ यूपी वॉरियर्स की लगातार दूसरी जीत रही। उसने गुरुवार को भी मुंबई इंडियंस को शिकस्त दी थी। 

 

यूपी वॉरियर्स ने हार की हैट्रिक के साथ सीजन की शुरुआत की थी। मुंबई इंडियंस पर लगातार दो जीत के साथ उसने धांसू कमबैक किया है और अपनी प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार रखी हैं।  

 

दूसरी ओर मुंबई इंडियंस की टीम पटरी से उतरती दिख रही है। डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस को इस सीजन के उद्घाटन मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। इसके बाद हरनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ने लगातार दो मैच जीते। उसे रोकना मुश्किल नजर आ रहा था लेकिन यूपी वॉरियर्स ने उसके रास्ते में खड़ी हो गई।

 

यह भी पढ़ें: WPL इतिहास में अमर हो गईं अमेलिया केर, 50 विकेट लेने वाली पहली गेंदबाज बनीं

क्या रहा मैच का हाल?

मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। यूपी वॉरियर्स ने कप्तान मेल लैनिंग (45 गेंद में 70 रन) और फीबी लिचफील्ड (37 गेंद में 61 रन) के अर्धशतकों की मदद से यूपी वॉरियर्स ने 8 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। नैट सिवर ब्रंट (2 विकेट) और अमेलिया केर (3 विकेट) ने आखिरी दो ओवर में यूपी वॉरियर्स को सिर्फ 10 रन बनाने दिए, नहीं तो उसका स्कोर और बड़ा हो सकता था।

 

मोमेंटम के साथ लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसकी आधी पारी 69 रन पर सिमट गई। यहां से अमेलिया ने अमनजोत कौर के साथ मिलकर उसकी पारी को संभाला और लक्ष्य के करीब पहुंचाया लेकिन शिखा पांडे ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। मुंबई इंडियंस को आखिरी 2 ओवर में 37 रन चाहिए थे। 

 

अमेलिया और अमनजोत के बीच 82 रन की साझेदारी हो चुकी थी। दोनों खतरनाक लग रही थीं। शिखा ने 19वें ओवर में अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाया और सिर्फ 3 रन खर्च मुकाबला यूपी वॉरियर्स की झोली में डाल दिया। इस ओवर में उन्होंने अमनजोत (24 गेंद में 41 रन) का विकेट भी झटका। आखिरी ओवर में 34 रन डिफेंड करने आईं दीप्ति शर्मा ने बिना किसी परेशानी के अपना काम पूरा किया। अमेलिया 28 गेंद में 6 चौके और 1 छक्के की मदद से 49 रन बनाकर नाबाद रहीं।

 

यह भी पढ़ें: U19 वर्ल्ड कप में गरजा वैभव सूर्यवंशी का बल्ला, टूट गया विराट कोहली का रिकॉर्ड

तीन टीमों के पास 4-4 पॉइंट्स

मुंबई इंडियंस अभी भी 4 पॉइंट्स के साथ टेबल में दूसरे स्थान पर है लेकिन अब उसकी स्थिति डांवाडोल हो गई है। गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स के पास भी 4-4 पॉइंट्स हैं। ये टीमें बस नेट रन रेट के मामले में मुंबई इंडियंस से पीछे हैं। अगर दिन के दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स टेबल टॉपर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हराती है तो उसके पास भी 4 पॉइंट्स हो जाएंगे।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap