प्रेम की कोई भाषा नहीं होती और जब रिश्ता एक दशक पुराना हो, तो एक बेजुबान पक्षी भी घर की धड़कन बन जाता है। वाराणसी के दारानगर इलाके में इन दिनों एक परिवार से उनका 10 साल पुराना पालतू तोता 'एलेक्स' (Alex) अलग हो गया है। उसकी जुदाई में परिवारजन गहरे सदमे में है। परिवार के अनुसार, तोता चार दिन पहले बालकनी से अचानक उड़ गया था. तभी से परिवार वाले अपने इस 'लाडले' की एक झलक पाने के लिए शहर की गली-मोहल्लों की खाक छान रहे हैं।
परिवार के सदस्यों की आवाज में अपने प्यारे एलेक्स को खोने का दर्द साफ झलकता है। चार दिन पहले रोज की तरह वे घर की बालकनी में बैठकर एलेक्स के साथ खेल रहे थे। तभी अचानक वह उड़ गया। परिवार ने बदहवास होकर उसे पकड़ने की हर मुमकिन कोशिश की है। लेकिन घनी आबादी और ऊंचे मकानों की ओट में वह उनकी नजरों से कहीं दूर ओझल हो गया।

'वो सिर्फ तोता नहीं, हमारे घर का बच्चा था'
एलेक्स के बिना घर का हर कोना सूना पड़ा है। भावुक होते हुए परिवारजनों ने कहा कि एलेक्स उनके लिए महज एक पालतू पक्षी नहीं था। बल्कि उनके घर का एक बच्चा और परिवार का अभिन्न हिस्सा था। वह उन्हें अपनी जान से भी ज्यादा प्यारा है। बीते चार दिनों से घर में मायूसी छाई है। हर किसी की निगाहें बस इसी उम्मीद में दरवाजे पर टिकी हैं कि शायद एलेक्स लौट आए।
यह भी पढ़ें: मुंबई: पार्क में फोटो खिंचा रहे कपल पर 8-10 नाबालिगों ने किया हमला, वीडियो वायरल
अपने 'बच्चे' को वापस पाने की तड़प में परिवार ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। शिखा के अनुसार, पूरे इलाके की दीवारों पर 10 से 12 हजार से भी ज्यादा पोस्टर चस्पा किए जा चुके हैं। यहां तक कि अखबारों के माध्यम से घर-घर पंपलेट बंटवाए गए हैं। परिवार ने लोगों से हाथ जोड़कर भावुक अपील की है। जिस किसी को भी उनका प्यारा एलेक्स दिखे या मिले। वह कृपया उसे लौटा दे। सूचना देने और तोते को सकुशल वापस लाने वाले व्यक्ति को परिवार की ओर से 11,000 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।