संजय सिंह, पटना: बिहार के मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में चल रहे देह व्यापार के एक संगठित रैकेट का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। गोपनीय सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 11 युवतियों और 3 युवकों सहित कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान मौके से आपत्तिजनक सामग्री और एक बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सिंहेश्वर से बिरैली बाजार जाने वाली सड़क के पास लंबे समय से अवैध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना एक सामाजिक संस्था ‘बिहार सेवा समिति न्याय केंद्र’ को दी थी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। शिकायत की पुष्टि के लिए पुलिस ने बेहद सुनियोजित रणनीति बनाई।
ग्राहक बनकर पहुंचे पुलिसकर्मी
इस ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए पुलिस टीम सादी वर्दी में ग्राहक बनकर मौके पर पहुंची। शुरुआती बातचीत के दौरान ही संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि हो गई। इसके बाद पहले से तैयार टीम ने अचानक छापेमारी कर दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे लेकिन चारों तरफ से घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस जब कमरे के अंदर पहुंची तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था। कई युवतियां और युवक आपत्तिजनक हालत में पाए गए। मौके से भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद की गई, जो इस अवैध धंधे की पुष्टि करती है।
यह भी पढ़ें: एल्विश के घर गोली चलवाने वाला इंद्रजीत यादव UAE में अरेस्ट, भारत लाने की तैयारी
यह पूरी कार्रवाई पुलिस मुख्यालय, पटना द्वारा चलाए जा रहे ‘नया सवेरा’ अभियान के तहत की गई। इस अभियान का उद्देश्य देह व्यापार, मानव तस्करी और अन्य अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाना है। पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप कुमार के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी, जिसमें तीन डीएसपी समेत कई अधिकारी और जवान शामिल थे। छापेमारी टीम में एएसपी प्रवेंद्र भारती और मुख्यालय डीएसपी मनोज मोहन की भी अहम भूमिका रही। इसके अलावा एसटीएफ की टीम ने भी इस ऑपरेशन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
भागने की कोशिश नाकाम
पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ युवतियां पास के खेतों की ओर भागने लगीं लेकिन पहले से सतर्क महिला और पुरुष पुलिस बल ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ जारी है।
यह भी पढ़ें: रेप, धर्मांतरण और बीफ..., नासिक की IT कंपनी बनी शोषण का अड्डा, 6 गिरफ्तार
पुलिस का मानना है कि यह केवल एक स्थानीय स्तर का मामला नहीं, बल्कि इसके तार अन्य जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि इस तरह के अवैध धंधों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।