महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट में उम्मीद से कम नंबर आने के बाद 19 साल की छात्रा अंकिता सांगले ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। रिपोर्ट्स के अनुसार, छात्रा अपने घर में मृत मिली। पुलिस को मौके से मराठी भाषा में लिखा एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपने माता-पिता और भाई के प्रति प्यार जताया है। इसके साथ ही लिखा है कि उसे माता-पिता और भाई उसकी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं हैं।
पुलिस के अनुसार, अंकिता अहिल्यानगर जिले के करजात तहसील के जलालपुर गांव की रहने वाली थी। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे वह अपने कमरे में फंदे से लटकी मिली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में फिलहाल आकस्मिक मृत्यु दर्ज कर जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: पहले CJP, अब E20 जनता पार्टी, धर्मेंद्र प्रधान के बाद नितिन गडकरी नपेंगे?
नीट परीक्षा में आए कम नंबर
अंकिता का परिवार इस हादसे के बाद से अपनी बेटी को याद करके रो रहा है। उसके परिजनों ने पुलिस को बताया कि अंकिता मेडिकल की पढ़ाई करना चाहती थी और लंबे समय से नीट की तैयारी कर रही थी। इस साल री नीट की परीक्षा का रिजल्ट घोषित हुआ तो उसे 166 नंबर मिले थे।
रिजल्ट के बाद से परेशान
अंकिता के परिवार ने बताया कि वह नीट का रिजल्ट आने के बाद से परेशान थी। परिवार के अनुसार वह काफी परेशान रहने लगी थी और निराश महसूस कर रही थी। हालांकि, परिवार को भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि अंकिता इस तरह का कदम उठा लेगी। नीट रिजल्ट के बाद अंकिता ने यह कदम उठाया है।
सुसाइड नोट में मांगी माफी
अंकिता ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है। उसने खुद ही अपने हाथ से यह नोट लिखा है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसके कमरे से यह नोट बरामद किया है। इस नोट में अंकिता ने अपने माता-पिता और भाई के लिए भावुक बातें लिखीं। उसने लिखा कि परिवार ने उसे हमेशा प्यार और सहयोग दिया, लेकिन वह उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी।
नोट में उसने लिखा, 'आप लोगों ने मेरे लिए बहुत कुछ किया, लेकिन मैं आपकी एक भी इच्छा पूरी नहीं कर सकी। मां, आपने हर मुश्किल में दोस्त की तरह मेरा साथ दिया। भाई, आपने भी हमेशा मेरा हौसला बढ़ाया। मेरी मौत के लिए आप लोग जिम्मेदार नहीं हैं।' अंकिता ने आगे लिखा कि नीट की तैयारी के दौरान परिवार ने उसके लिए कई त्याग किए, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। उसने अपने भाई से माता-पिता का ध्यान रखने की भी अपील की। सुसाइड नोट में उसने लिखा, 'भाई, मम्मी-पापा का अच्छे से ख्याल रखना। उन्हें किसी चीज की कमी मत होने देना।'
यह भी पढ़ें: 'मेरे बच्चे मेरी बात नहीं मानते', GenZ प्रोटेस्ट पर हिमंता सफाई क्यों देने लगे?
जांच जारी
पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला परीक्षा परिणाम के बाद मानसिक तनाव से जुड़ा दिखाई दे रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नीट पेपर के कारण मानसिक तनाव में अब तक कई छात्र अपनी जान दे चुके हैं।