उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के खतौली इलाके में मंगलवार को एक ऐसी शादी चर्चा का विषय बन गई, जिसमें फिल्मी ड्रामे की तरह एक ही दुल्हन के लिए दो अलग-अलग बारातें दरवाजे पर आ खड़ी हुईं। शामली और मेरठ से आए दो दूल्हे और उनके बाराती इस बात पर अड़ गए कि शादी उन्हीं के साथ तय हुई है। गांव में मचे इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच जब चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस की एंट्री हुई तो मामला पूरी तरह पलट गया। बाद में पता चला कि जिस दुल्हन से शादी होनी थी वह तो नाबालिग है।
सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने जांच की तो परिवार लड़की की उम्र से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल शादी रुकवा दी और लड़की को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया।
यह भी पढ़ें: 'मैंने रोल नंबर चेक ही नहीं किया', IAS बनने का दावा करने वाली शिखा ने मानी गलती
दो जिलों से पहुंची बारात
खबरों के मुताबिक, एक दूल्हा शामली जिले से और दूसरा मेरठ से बारात लेकर गांव पहुंचा। दोनों पक्षों ने दावा किया कि शादी उनके साथ तय हुई थी। दोनों परिवारों और गांववालों के बीच काफी देर तक बहस और हंगामा हुआ। इससे गांव में तनाव का माहौल बन गया।
लड़की के पिता ने पुलिस को बताया कि करीब छह महीने पहले उनकी बेटी की शादी प्रदीप कुमार नाम के युवक से तय हुई थी, जो श्यामली जिले के बाबरी गांव का रहने वाला है लेकिन शादी से एक दिन पहले दूल्हे के भाई की मौत हो गई। इसके बाद दूल्हे के परिवार ने कहा कि वे बाद में बताएंगे कि शादी होगी या नहीं। जब कोई अंतिम सूचना नहीं मिली और शादी की सारी तैयारियां हो चुकी थीं तो परिवार ने सोमवार शाम को मेरठ के युवक आकाश से बेटी का रिश्ता तय कर दिया।
यह भी पढ़ें: केरल हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, SNDP के महासचिव पद से हटाए गए वेल्लापल्ली नतेसन
नाबालिग होने के शक में रोकी गई शादी
मंगलवार को जब दोनों दूल्हे बारात लेकर पहुंचे तो गांव में अजीब स्थिति बन गई। इसी बीच नाबालिग शादी की सूचना मिलने पर जिला चाइल्ड हेल्पलाइन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान लड़की की उम्र का कोई प्रमाण नहीं मिल पाया। इसके बाद अधिकारियों ने उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, अब लड़की को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सामने पेश किया जाएगा और मेडिकल जांच के जरिए उसकी उम्र तय की जाएगी।
खतोली थाने के SHO दिनेश चंद ने बताया कि हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया। मामले में आगे की कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।