म्यांमार के रास्ते नशीले पदार्थों की तस्करी का मुख्य मार्ग बन चुके मणिपुर में एक बड़ी खेप पकड़ी गई है। नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, एक कार में छिपाकर ले जाए जा रही ड्रग्स को 23 और 24 अप्रैल की रात में चुड़ाचांदपुर में पकड़ा गया है। बरामद की गई ड्रग्स को साबुन की डिब्बियों में छिपाया गया था। बाजार में इसकी कीमत लगभग 11 करोड़ रुपये आंकी गई है। तीन लोगों को तस्करी के आरोप में भी किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, रात के समय ये तीनों लोग एक महिंद्रा कैंपर बोलेरो कार में ड्रग्स छिपाकर ले जा रहे थे। चुराचांदपुर के रहने वाले इन तीनों लोगों को यह ड्रग्स म्यांमार से मिली थी। इनके पास से मिली ड्रग्स का वजन 5.4 किलोग्राम पाया गया है। असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस के संयुक्त अभियान में यह गिरोह पकड़ा गया और तीनों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: स्विस एयर लाइन्स के विमान के पहिए में उठा धुआं, बाल-बाल बचे 232 यात्री
साबुन की डिब्बियों में छिपा रखी थी ड्रग्स
NCB ने बताया है कि ड्रग्स पकड़े जाने से बचाने के लिए इन लोगों साबुन की 474 डिब्बियों में ड्रग्स को छिपा रखा था। इन डिब्बियों को कैंपर बोलेरो के अंदर इस तरह से जगह बनाकर रखा गया था कि किसी को पता न चले। अब इस मामले में यह जांच की जा रही है कि इन तीनों को इतनी ड्रग्स कहां से और कैसे मिली। साथ ही, यह भी पता लगाने की कोशिश हो रही है कि इतनी ड्रग्स कहां भेजी और किसके पास भेजी जा रही थी।
यह भी पढ़ें: 4 महीने में 23 बाघों की मौत, मध्य प्रदेश में क्यों संकट में है टाइगर?
बता दें कि सीमा पार से होने वाली ड्रग्स की तस्करी को देखते हुए NCB ने मणिपुर में अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। एनसीबी ने इस अभियान में आम लोगों से भी मदद मांगी है ताकि वे ऐसे लोगों की सूचना पुलिस और अन्य विभागों को दे सकें। इसके लिए मानस हेल्पलाइन यानी 1933 पर फोन करके जानकारी दी जा सकती है। NCB ने यह भी कहा है कि ऐसी सूचना देने वाले लोगों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।