केरल के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुवाई वाले गठबंधन को सिर्फ तीन सीटों पर जीत मिली। इसके बावजूद बीजेपी के लिए अच्छी खबर है। 2021 में एक भी सीट नहीं जीत पाने वाली बीजेपी ने इस बार तीन सीटें जीती हैं और उसको मिले कुल वोटों में भी इजाफा हुआ है। इससे कुछ महीने पहले केरल के निकाय चुनावों में भी बीजेपी को अच्छी सफलता मिली थी और तिरुवनंतपुरम में वह अपना मेयर बनाने में कामयाब रही थी। ये आंकड़े और छोटी-छोटी जीत दिखा रही हैं कि केरल में बीजेपी धीरे-धीरे ही सही लेकिन अपने पांव जमाने में कामयाब हो रही है।
इस बार केरल में बीजेपी के राजीव चंद्रशेखर नेमोम से, वी मुरलीधरन कझाकूट्टम से और बी बी गोपकुमार छतनूर से चुनाव जीते हैं। भले ही तीनों को कम अंतर से जीत मिली है लेकिन ये तीनों नेता अब केरल विधानसभा में बीजेपी की आवाज बनने वाले हैं। बीजेपी ने इस बार केरल में अपने बड़े चेहरों पर दांव लगाया था। राजीव चंद्रशेखर और वी मुरलीधरन के अलावा नव्या हरिदास, शोभा सुरेंद्रन,पद्मजा वेणुगोपाल, शॉन जॉर्ज, जॉर्ज कुरियन, पीसी जॉर्ज और पूर्व राज्यपाल के राजशेखरन को भी उतारा गया था।
यह भी पढ़ें: 'लेफ्ट लोगों के लिए राइट नहीं...', न सरकार बची, न संगठन, वाम का काम तमाम
2026 में क्या हासिल हुआ?
केरल में खुद को मजबूत करने में जुटी बीजेपी ने इस बार दो अन्य पार्टियों के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। बीजेपी ने 99 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। उसके गठबंधन में शामिल ट्वेंटी-20 पार्टी ने 19 और भारत धर्म जन सेना (BDJS) ने 20 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। इस पूरे गठबंधन को सिर्फ तीन सीटें मिलीं और तीनों ही बीजेपी के खाते में आईं। इस बार बीजेपी को कुल 24.66 लाख वोट मिले जो पिछले चुनाव की तुलना में लगभग एक लाख ज्यादा हैं।
इस बार तीन सीटें जीतने में कामयाब रही बीजेपी केरल की 6 सीटों पर दूसरे नंबर पर थी। यह दिखाता है कि लेफ्ट बनाम कांग्रेस की लड़ाई में बीजेपी अब अपनी जगह बना रही है और कई सीटों पर वह मुख्य विपक्षी पार्टी बनती भी दिख रही है। हालांकि, अगर वोटों के प्रतिशत की तुलना 2024 के लोकसभा चुनाव से किया जाए तो बीजेपी के वोट कम जरूर हुए हैं। बीजेपी के लिए अच्छी बात यह है कि अब विधानसभा में उसे अपना प्रतिनिधित्व मिल गया है। केरल बीजेपी के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर खुद नेमोम से चुनाव जीत सकते हैं और आने वाले समय में वह केरल में बीजेपी की बड़ी आवाज बनकर सामने आ सकते हैं।
यह भी पढ़ें: न तमिलनाडु मिला न केरल..., दक्षिण में ही क्यों ठहरता है BJP का विजय रथ?
2021 में कैसा था बीजेपी का प्रदर्शन?
2021 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने कुल 115 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। तब उसे एक भी सीट पर जीत नहीं मिली थी लेकिन 11.3% वोट हासिल हुए थे। तब उसे मिले कुल वोटों की संख्या 23.54 लाख थी।
2024 के लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी ने अच्छा प्रदर्शन किया था। बीजेपी को सिर्फ एक लोकसभा सीट पर जीत मिली थी लेकिन वह 16.8 प्रतिशत वोट हासिल करके कांग्रेस और सीपीएस के बाद तीसरे नंबर पर थी।