ओडिशा के कालाहांडी जिले में कुछ लोग सेप्टिक टैंक बनाने का काम कर रहे थे। उसी सेप्टिक टैंक के अंदर ऑक्सीजन की कमी से 6 लोगों की मौत हो गई जबकि एक शख्स की जान बच गई है, जो अस्पताल में भर्ती है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। इस जनहानि को लेकर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शोक व्यक्त किया है। साथ ही मृतकों के परिवार को 4 लाख रुपये राहत राशि देने की घोषणा की है।
यह हादसा मदनपुर-रामपुर इलाके के गौड़ कार्लाखुंटा गांव का है, जहां आज यानी 26 मई के दिन हादसा हुआ। इसमें न सिर्फ 4 मजदूरों की मौत हुई, बल्कि मकान मालिक और उनके बेटे की भी जान चली गई। हादसे के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची, जो जांच कर रही है कि यह हादसा किसी लापरवाही की वजह से तो नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें: 1001 का तेल भराया, पेट्रोल पंप कर्मी ने 1 रुपये मांग लिए बुरी तरह पीट दिया
रेस्क्यू के दौरान लोगों ने गंवाई जान
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, एक व्यक्ति अपने घर के बाहर सेप्टिक टैंक बनवा रहा था। इस दौरान कुछ मजदूर टैंक के अंदर काम कर रहे थे, जहां ऑक्सीजन की कमी से सभी मजदूर बेहोश हो गए। इन्हीं मजदूरों को बचाने के लिए मकान मालिक टैंक के अंदर गया, उसके कुछ देर बाद मकान मालिक का बेटा भी अंदर गया। इसके बाद ये सभी लोग बेहोश हो गए।
गांव के कुछ लोगों ने मिलकर टैंक के अंदर से बेहोश लोगों को बाहर निकाला। जिसके बाद इलाज के लिए स्थानीय डॉक्टर को बुलाया गया। डॉक्टर ने 6 लोगों की जांच की और सभी को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में मकान मालिक निमायिन चरण पाल और उनके बेटे आकाश पाल की मौत हुई है। इनके अलावा अदल माझी, बैकुष्ठ जल, मनारंजन हाटी और चांद जल की भी जान चली गई है।
यह भी पढ़ें: दुकान जा रही थी लड़की, रास्ते में किडनैप, अब मिली लाश; तमिलनाडु में मचा बवाल
सीएम ने क्या कहा?
इस घटना को लेकर मोहन चरण माझी ने सीएमओ एक्स अकाउंट पर पोस्ट के जरिए शोक व्यक्त किया। इसके साथ ही जान गंवाने वाले लोगों के परिवार को 4 लाख रुपये देने की घोषणा की है।