हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के चचोगी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब चढ़ाई पर कार अचानक रुक गई और पत्नी उसे धक्का देने के लिए नीचे उतरी। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 80 फीट नीचे नाले में जा गिरी। हादसे की पुष्टि कुल्लू के पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर ने की।
यह भी पढ़ें: जर्मनी में कुरुक्षेत्र के युवक की बेदर्दी से हत्या, 3 बदमाशों ने चाकू से ली जान
बीच सड़क अचानक रुकी कार
पुलिस के मुताबिक नगर के मढ़ी निवासी नरेंद्र कुमार परिवार के साथ कार (HP-34-2640) में घर लौट रहे थे। चचोगी के पास चढ़ाई पर अचानक कार रुक गई। इसके बाद उनकी पत्नी वाहन को धक्का देने के लिए नीचे उतरी।
पत्नी ने रोकने की कोशिश की, लेकिन कार नहीं रुकी
पत्नी ने खूब जोर लगाने की कोशिश की। लेकिन कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से रेंगते हुए करीब 80 फुट गहरे नाले में जा गिरी। हादसे में नरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतलीकूहल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: 'AAP में मेरी सुनी नहीं गई, इसलिए BJP में आया', पार्टी बदलने पर बोले हरभजन सिंह
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।