उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात 60 वर्षीय महिला की हत्या और उसके साथ दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसके सिर पर ईंट से हमला किया गया और गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव के साथ भी दरिंदगी की गई। मृतका के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने गांव के दो युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे तक ग्रामीणों ने महिला को देखा था। रात करीब 1 बजे उसकी चीख सुनकर शौच के लिए निकले एक युवक ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो बुजुर्ग महिला घर से करीब 20 मीटर दूर एक खाली प्लॉट में झाड़ियों के बीच अर्धनग्न हालत में मिली। सूचना मिलने पर मोहनलालगंज पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया। डॉक्टरों के पैनल ने फॉरेंसिक विशेषज्ञ की मौजूदगी में महिला का पोस्टमार्टम कराया। इसमें गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी मिले हैं। दुष्कर्म की जांच के लिए डॉक्टरों ने स्लाइड तैयार की है।
यह भी पढ़ें: प्रेमिका को मिलने बुलाया, पैसे-जेवर छीनकर मार डाला, हेडफोन से सुलझा केस
प्रत्यक्षदर्शी ने दोनों युवकों को भागते देखा
पुलिस के मुताबिक, एक प्रत्यक्षदर्शी ने दोनों युवकों को घटनास्थल से भागते हुए देखा था। उसने पुलिस को बताया कि इनमें से एक युवक अर्धनग्न हालत में था। छानबीन के दौरान पुलिस को दोनों में से एक युवक कुछ दूरी पर नशे की हालत में जमीन पर पड़ा मिला। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने दो अन्य युवकों को भी पकड़ लिया। तीनों से कई घंटे तक पूछताछ की गई। इसके बाद मृतका के बेटे की ओर से गुरुवार सुबह दो युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि तीसरे युवक की भूमिका की जांच की जा रही है।
शराब पीने के दौरान विवाद, फिर महिला पर हमला
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला के साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद महिला के साथ मारपीट की गई और फिर सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। एक आरोपी ने शव के साथ भी दरिंदगी की।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक पेशे से श्रमिक और दूसरा विवाहित है।
यह भी पढ़ें: नशा करने के लिए मां से मांगे 60 रुपये, नहीं दिए तो कुल्हाड़ी से काट डाला
परिजन के मुताबिक, बुजुर्ग महिला गांव में एक किसान के अर्धनिर्मित मकान में रहकर उसकी देखभाल करती थी। उसके तीन बेटे और दो बेटियां हैं। बेटे अलग रहते हैं जबकि दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। मृतका की बेटी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां तीन दिन पहले ही मायके आई थी। करीब 12 साल पहले उसके पिता की भी सोते समय गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी लेकिन पुलिस अब तक उसके पिता की हत्या का खुलासा नहीं कर सकी है।