मुंबई में चलती ट्रेन में एक 20 वर्षीय महिला के साथ छेड़खानी की गई। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे धक्का दे दिया। इससे युवती का हाथ कट गया और सिर पर 16 से अधिक टांके लगाने पड़े। रेलवे पुलिस ने 53 साल के आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान जितेंद्र हिरमुखे के तौर पर हुई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 117 और दूसरी अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं युवती का कूपर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक महिला जिस ट्रेन पर सवार थी, वह बोरीवली से विरार जा रही थी। घटना नायगांव के पास की है। पटरियों के बीच गिरने के कारण महिला का एक हाथ ट्रेन के नीचे आ गया। मुंबई लोकल ट्रेन में हुई इस ताजा घटना ने महिला सुरक्षा के दावे पर सवाल उठा दिए हैं।
यह भी पढ़ें: कौन हैं हिमाचल के सरबजीत सिंह बॉबी जिन्हें अमिताभ बच्चन से मिला सम्मान?
दिव्यांग कोच में घुसने से शुरू हुआ विवाद
जीआरपी ने अपनी प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि युवती बोरीवली से ट्रेन पर सवार हुई थी। वह गलती से दिव्यांग कोच में चली गई। इस पर आरोपी जितेंद्र ने आपत्ति जताई। इसी बात पर दोनों में झगड़ा हो गया। दोनों ने एक-दूसरे पर जूते से हमला कर दिया। पुलिस ने आगे बताया कि कहासुनी और झगड़े के बीच ही आरोपी ने युवती को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। इससे उसका दाहिना हाथ कट गया।
छेड़खानी के बाद दिया धक्का
उधर, पीड़िता का आरोप है कि शख्स ने उसके साथ छेड़खानी की। गलत तरीके से छुआ। पुलिस ने कहा कि वह छेड़छाड़ के आरोपों की जांच कर रही है। युवती ने बताया कि वह नायगांव की ओर जा रही थी और बोरीवली स्टेशन से ट्रेन पर चढ़ी थी। आरोप लगाया कि उस शख्स ने गंदे तरीके से छुआ और विरोध करने पर भी नहीं माना। लगातार छेड़खानी करने पर ही कहासुनी हुई। इसके बाद हमने एक-दूसरे पर जूते फेंके। इसी दौरान शख्स ने धक्का दे दिया। ट्रेन की चपेट में आने से मेरा एक हाथ कट गया। मेरे सिर पर भी गंभीर चोट आई है।
यह भी पढ़ें: नीदरलैंड के कई शहरों के पीछे क्यों लगता है 'डैम'? जानें रोचक तथ्य
अब कैसे कमाऊंगी?
20 साल की उम्र में एक छोटी सी कहासुनी से लड़की की जिंदगी हमेशा-हमेशा की खातिर बदल गई। अब उसे रोजी-रोटी की चिंता सताने लगी है। युवती ने आरोपी शख्स के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की। युवती ने कहा कि मेरे सिर पर 16 टांके लगे हैं। एक ही हाथ बचा है। मैं इकलौती कमाने वाली हूं। अब शायद मैं अपनी कमाई का जरिया भी गंवा दूंगी। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।