राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सियासत पिछलो दो दिनों से 'कुर्सी' के इर्द-गिर्द घूम रही है। यह कुर्सी किसी विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री के 'पद' से जुड़ी नहीं हुई है बल्कि दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता से संबंधित है। सीएम रेखा का यह बैठने वाली कुर्सी सोशल मीडिया पर चर्चा पर विषय बन चुकी है, जिसके बारे में आम से लेकर खास लोग लिख और बोल रहे हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की कुर्सी को लेकर अब बात इतनी आगे बढ़ चुकी है कि मुख्य विपक्षी दल आम आदमी पार्टी ने इसे सियासी मुद्दा बना दिया है। जो आम आदमी पार्टी ढेढ़ साल पहले तक बीजेपी द्वारा उठाए गए कथित 'शीशमहल' के मुद्दे को लेकर बैकफुट पर थी। अब वही 'AAP' बीजेपी को रेखा गुप्ता को महंगी कुर्मी पर बैठने को लेकर घेर रही है।
यह भी पढ़ें: गुजरात में पकड़ी गई 1000 करोड़ की कोकीन, चार हिरासत में; ब्राजील से आई खेप
पहले पूरा मामला समझिए
दरअसल, 25 मई को फिल्म 'धुरंधर' फेम बॉलीवुड एक्टर राकेश बेदी बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के साथ मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मिलने सीएम कार्यालय गए थे। इस दौरान रेखा गुप्ता बड़े हगी गर्मजोशी से राकेश बेदी से मिलीं। उन्होंने खुद अपने 'एक्स' पर इस मुलाकात की तस्वीरें शेयर कीं। मगर, इसी के बाद से रेखा गुप्ता की 'वायरल कुर्सी' को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई।
कुर्सी को लेकर दावे
इन तस्वीरों में सीएम रेखा गुप्ता एक लग्जरी ऑफिस कुर्सी पर बैठी हुई दिख रही हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह कुर्सी काफी महंगी है। कई पोस्ट में इस कुर्सी की कीमत लगभग 66,000 बताई गई, तो कुछ लोगों ने कुर्सी की कीमत 1.10 लाख तक होने का दावा किया है।
आम आदमी पार्टी ने एक पोस्ट में दावा किया है कि इस लग्जरी कुर्सी में 'जीरो ग्रैविटी रिक्लाइन, मसाज फीचर, ऑटोमेटिक फुटरेस्ट, प्रीमियम लेदर और हाई-डेंसिटी कुशन' जैसे फीचर हैं। इस आरोपों में 'आप' ने कहा, 'इसी कुर्सी पर बैठकर दिल्ली की जनता के भविष्य पर कालिख पोत रही हैं महान दार्शनिक दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी।' पार्टी ने लोगों से पूछा कि आप की बताइए कि इस कुर्सी की कीमत कितनी होगी?
बीजेपी की नहीं आई प्रतिक्रिया
वहीं, आप विधायक संजीप झा ने अपने एक्स पर रेखा गुप्ता की दो अलग-अलग जगहों की तस्वीरें शेयर की हैं। इन दोनों तस्वीरों में सीएम उसी लग्जरी कुर्सी पर बैठी हुई नजर आ रही हैं। इन तस्वीरों के साथ में बुराड़ी से विधायक झा ने सवाल किया, 'टोटल कितनी ऐसी कुर्सी हैं दिल्ली मुख्यमंत्री कार्यालय में।'
हालांकि, आम आदमी पार्टी के आरोपों और सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों को लेकर दिल्ली सरकार और बीजेपी की तरफ से अभी तक कोई भी प्रतिक्रिया नहीं आई है। इस मुद्दे पर बीजेपी बैकफुट पर जाती हुई नजर आ रही है, जिसकी वजह से वह खामोश है।
यह भी पढ़ें: 'V D सतीशन और V D सावरकर में कोई अंतर नहीं', विजयन के घर छापेमारी पर भड़का लेफ्ट
'शीशमहल' को बीजेपी ने बनाया था बड़ा मुद्दा
बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान बीजेपी ने पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास को 'शीशमहल' कहना शुरू किया था। धीरे-धीरे बीजेपी के द्वारा उठाया गया शीशमहल का मुद्दा इतना बड़ा हो गया था कि आम आदमी पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा।
दरअसल, बीजेपी ने विधानसभा चुनाव के दौरान यह कहना शुरू किया कि केजरीवाल ने अपने सरकारी आवास में इतना पैसा खर्च किया है कि यह किसी शीशमहल से कम नहीं है। पार्टी ने आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री रहते हुए केजरीवाल के सिविल लाइंस वाले सरकारी बंगले के नवीनीकरण और साज-सज्जा पर बहुत ज्यादा सरकारी पैसा खर्च किया गया।
चुनावों को किया प्रभावित
बीजेपी ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री आवास के रेनोवेशन पर करोड़ों रुपये खर्च हुए। इस बंगले में महंगे इंटीरियर, लग्जरी फिटिंग्स और हाई-एंड सुविधाएं लगाई गईं। बीजेपी ने चुनाव प्रचार में इसका इस्तेमाल किया, जिससे अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी की 'आम आदमी' वाली छवि को धक्का लगा। बीजेपी लोगों के बीच यह संदेश देने में सफल रही थी कि केजरीवाल ने सत्ता में आने के बाद सुख-सुविधा का भोग लिया।
ऐसे में आम आदमी पार्टी भी बीजेपी को रेखा गुप्ता की वायरल लग्जरी कुर्सी को लेकर घेर रही है। पार्टी आने वाले समय में इसे बड़ा मुद्दा बनाने की जुगत में है।