तेलंगाना के हैदराबाद में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने निजाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (NIMS) के डॉक्टर के घर छापेमारी की थी। वह डॉक्टर इंस्टीट्यूट के एडिशनल मेडिकल सुपरिटेंडेंट हैं, जिनके पास सरकारी नौकरी की तनख्वाह से कहीं ज्यादा की संपत्ति मिली। ACB ने आरोपी डॉक्टर के आठ ठिकानों पर छापेमारी की थी, जहां उन्हें न सिर्फ आलीशान घर देखने को मिला, बल्कि लग्जरी कार ऑडी और 517.8 ग्राम सोना भी मिला। इसके साथ ही आरोपी डॉक्टर ने दूसरे लोगों को 1.33 करोड़ रुपये उधार दिए। जांच एजेंसी के मुताबिक डॉक्टर के पास 6.13 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जो उनकी सरकारी नौकरी की सैलरी से कहीं ज्यादा है।
ACB ने मंगलवार को आरोपी नोरी लक्ष्मी भास्कर के घर छापेमारी की थी। जांच एजेंसी के मुताबिक आरोपी नोरी लक्ष्मी भास्कर ने अपनी सरकारी नौकरी का गलत फायदा उठाया। सरकारी पद के जरिए भ्रष्ट कदम उठाए। इसी वजह से आरोपी नोरी लक्ष्मी भास्कर ने करोड़ों की संपत्ति अपने नाम की है।
यह भी पढ़ें: पितृ पक्ष के दौरान किन लोगों को निभानी चाहिए पितरों की परंपरा और किन्हें नहीं?
छापेमारी में क्या-क्या मिला?
ACB को छापेमारी के दौरान पता चला कि नोरी लक्ष्मी के पास करोड़ों की कारें हैं। अधिकारियों के मुताबिक, नोरी लक्ष्मी भास्कर के पास न सिर्फ एक लग्जरी ऑडी कार है, बल्कि एक जगुआर, नेक्सॉन कार, वेस्पा एक्टिवा, रॉयल एनफील्ड और यामाहा कार भी है। इसके साथ ही नोरी लक्ष्मी के पास 4 बाइक हैं।
इसके अलावा उनके घर से सिर्फ 517.8 ग्राम सोने के गहने ही नहीं मिले, बल्कि कई ऐसे दस्तावेज भी मिले, जिससे साबित हुआ कि नोरी लक्ष्मी के नाम करोड़ों की जमीन और फ्लैट हैं। ACB के अधिकारियों के अनुसार, नोरी लक्ष्मी के पास कुकटपल्ली इलाके में एक फ्लैट है। इसके साथ-साथ पेटबशीराबाद, मणिकोंडा और कुकटपल्ली के पॉश इलाके राइज सोसाइटी में भी एक फ्लैट है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में 800 गज की जमीन नोरी लक्ष्मी भास्कर के नाम है।
यह भी पढ़ें: अगर आपने भी रखा है परिवर्तिनी एकादशी का व्रत तो जान लें यह कथा और नियम
करोड़ों रुपये किए इन्वेस्ट
अधिकारियों ने जांच-पड़ताल के दौरान बैंक डिटेल की भी जांच की थी। जहां उन्हें पता चला कि नोरी लक्ष्मी के बैंक खाते में कुल 41 लाख रुपये जमा हैं। उन्होंने म्यूचुअल फंड में 29.55 लाख रुपये निवेश किए थे। इसके अलावा नोरी लक्ष्मी भास्कर ने अब तक 1.33 करोड़ रुपये लोगों को उधार दिए हैं।