बिहार के जमुई में 10वीं कक्षा के छात्र और छात्रा के साथ देर शाम सड़क पर बदसलूकी का मामला अब पूरे देश में चर्चा में है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता
राहुल गांधी
ने भी सवाल उठाए हैं और बिहार सरकार को घेरा है।
आपको बता दें कि कोचिंग से लौट रहे छात्र और छात्रा को कुछ युवकों ने रास्ते में रोक लिया। वायरल वीडियो में दोनों को घेरकर पूछताछ और मारपीट करते लोग दिखाई दे रहे हैं। छात्रा हाथ जोड़कर उन्हें छोड़ने की गुहार लगाती नजर आती है। एक वीडियो में एक युवक उसे पकड़कर उठाता हुआ भी दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़ें: होमगार्ड भर्ती की रेस में दौड़ा इंजीनियर, मंजिल से 50 मीटर पहले तोड़ा दम
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबकि, दोनों छात्र-छात्रा 19 सितंबर की शाम करीब 7 बजे कोचिंग के बाद स्कूटी से जा रहे थे। वे जमुई के मड़वा पहाड़ इलाके में गए थे और लौटते समय कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। वायरल वीडियो में छात्र लोगों से माफी मांगते और उन्हें जाने देने की अपील करते दिखाई देता है। वह बताता है कि दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते हैं और उनके परिवार को भी उनके बारे में जानकारी है। इसके बाद भी भीड़ में शामिल एक व्यक्ति उसे थप्पड़ मारता है।
दूसरे वीडियो में छात्रा हाथ जोड़कर छोड़ने की अपील करती दिखती है। वह कहती है कि वे दोबारा वहां नहीं आएंगे। एक अन्य वीडियो में कुछ लोग दोनों का पीछा करते नजर आते हैं। छात्र को कॉलर से खींचा जाता है, जबकि एक युवक छात्रा को पकड़कर ले जाता दिखाई देता है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू की है।
यह भी पढ़ें: CM सम्राट चौधरी बोले- लव-कुश समाज किसी के खिलाफ नहीं, बिहार की समृद्धि चाहता है
पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल के मुताबिक, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों पीड़ितों से संपर्क किया और उनके बयान दर्ज किए। इसके बाद उनके आवेदन पर FIR दर्ज की गई। पुलिस ने वीडियो और जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की है। मामले में सात लोगों के खिलाफ FIR होने और तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें: महिलाओं का अश्लील वीडियो बनाकर डार्क वेब पर बेचा, पकड़ा गया फर्जी तांत्रिक
राहुल गांधी ने भी उठाए सवाल
कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने घटना को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने वायरल वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि 10वीं कक्षा के छात्र-छात्रा को सड़क पर रोककर उनके साथ बदसलूकी की गई। राहुल गांधी ने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ POCSO के तहत कार्रवाई की मांग की। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि घटना 19 सितंबर की शाम हुई तो आरोपियों की गिरफ्तारी में इतना समय क्यों लगा। साथ ही उन्होंने बिहार में सार्वजनिक जगहों पर लड़कियों की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार से जवाब मांगा।
यह भी पढ़ें: 'बिहार के बाढ़-सूखा किसानों को 15 हजार दें', तेजस्वी यादव ने केंद्र से की मांग
बिहार राज्य महिला आयोग ने लिया मामले का संज्ञान
इस मामले पर बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा ने कहा, 'यह घटना 19 सितंबर की है। मुझे सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी मिली। मैंने जमुई के डीएम से बात की और घटना की जगह का पता लगाने की कोशिश की। डीएम ने बताया कि यह घटना 19 सितंबर को लखीसराय-जमुई बॉर्डर पर हुई थी। उन्होंने वीडियो का संज्ञान लिया और स्कूटी के नंबर प्लेट के जरिए पीड़ितों की पहचान की। उन्हें बुलाया गया। मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और FIR भी दर्ज हो चुकी है। बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।'