कर्नाटक के बेल्लारी में पुलिस ने सेक्स रैकेट के एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह गरीब परिवारों की लड़कियों को ज्यादा पैसे कमाने का लालच देकर अपने जाल में फंसाता था। इसके लिए आरोपी सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस पिछले 6 महीने से गिरोह की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह के तार बेल्लारी के अलावा अनंतपुर, चिक्कमगलुरु और मैसूर से भी जु़ड़े हुए हैं। शुरुआती जानकारी में बेल्लारी जिले की 3 युवतियों को दूसरी जगह भेजे जाने की भी खबर है।
बेल्लारी के एसपी डॉ. सुमन डी. पेन्नेकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके यह जानकारी दी है। एसपी ने बताया कि गिरोह के लोग लड़कियों की उम्र, लंबाई और रंग-रूप के आधार पर उनका चयन करते थे। गिरोह लड़कियों से अजीबो-गरीब मांग करते थे। इसके लिए उनसे अलग-अलग पोज में तस्वीरें मंगाई जाती थीं। लड़कियों के अविवाहित होने, करीब 5 फीट 6 इंच लंबाई और गोरे रंग जैसी शर्तें भी रखी जाती थीं। उनके दाएं हाथ और दाएं पैर की तस्वीरें भी मांगी जाती थीं। इन सारी डिटेल्स के बाद ही लड़कियों को गिरोह के मालिक से मिलवाया जाता है।
मुख्य आरोपी बनाता था साधु का भेष
गिरोह का मुख्य आरोपी साधु का भेष बनाकर लड़कियों से मिलता था। वह भगवा कपड़े पहनता और शरीर पर भस्म लगाता था। एक पुराने मकान के छोटे कमरे में भगवान शिव और माता पार्वती की तस्वीर रखकर पूजा का माहौल बनाया जाता था। लड़कियों को बताया जाता था कि लक्ष्मी पूजा करने से उन्हें बड़ी रकम मिलेगी। इस रकम को युवती, बिचौलिए और गिरोह के मुखिया के बीच बांटने की बात कही जाती थी। इसी बहाने उन्हें वहां बुलाया जाता था।
यह भी पढ़ें: ‘क्या फर्क पड़ता है’, छेड़छाड़ के विरोध पर महिला को ट्रेन के नीचे धकेला, हाथ कटा
न्यूड तस्वीरें भेजने का बनाते थे दबाव
जांच में सामने आया कि युवतियों को फंसाने के बाद उनसे न्यूड यानी बिना कपड़ों वाली तस्वीरें भेजने का दबाव बनाया जाता था। पुलिस को शक है कि इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा सकता था। जांच के दौरान नाबालिग लड़कियों की तस्वीरें भी मिली हैं। इससे उनके भी गिरोह के जाल में फंसने की आशंका है।
मुख्य आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश
पुलिस ने इस मामले में कुल 16 आरोपियों की पहचान की है। इनमें से 11 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में 10 बेल्लारी और एक आंध्र प्रदेश के अनंतपुर का रहने वाला है। गिरोह का मुख्य आरोपी, जो साधु बनकर युवतियों को बुलाता था, अभी फरार है। महिला पुलिस टीम 'अक्का पड़े' ने करीब 2 महीने तक गिरोह की निगरानी की थी। इसके बाद लगभग 45 दिनों तक विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।