logo

मूड

ट्रेंडिंग:

BJP के बाद AAP की बारी! परीक्षा में गड़बड़ी के 6 केस से कैसे घिरी पंजाब सरकार?

देशभर में पेपर लीक को लेकर जारी संग्राम के बीच अब पंजाब सरकार भी विवादों में फंसती नजर आ रही है। 2022 से अब तक आम आदमी पार्टी की सरकार में हुए पेपरों पर विवाद हो रहा है।

Arvind Kejriwal and Bhagwant Mann

अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान। Photo Credit: AAP/X

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक महीने से ज्यादा चले प्रदर्शन के बाद सरकार ने छात्रों की मांगों को मान लिया। धर्मेंद्र प्रधान ने शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है और उनकी जगह प्रह्लाद जोशी भारत के नए शिक्षा मंत्री बन गए हैं। इस बीच पंजाब में पेपर लीक के मोर्चे पर आम आदमी पार्टी की सरकार मुश्किल में नजर आ रही है। बीते दिनों कथित तौर पर फार्मेसी ऑफिसर का पेपर लीक हुआ था। इसके साथ ही अब विपक्ष की तमाम पार्टियां शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग करने लगी हैं। कांग्रेस, बीजेपी समेत तमाम पार्टियां राज्यभर में प्रदर्शन कर रही हैं और सरकार पर निशाना साध रही हैं। 

 

पिछले रविवार को फार्मेसी पेपर हुआ और पेपर खत्म होने से पहले ही विवाद शुरू हो गया। बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज में हुए इस पेपर में हाईटेक तरीकों से नकल का मामला सामने आया था। इसके बाद से इस पेपर पर विवाद हो रहा है और लोग तो इस्तीफे तक की मांग कर रहे हैं। हालांकि, यूनिवर्सिटी का कहना है कि यह मामला पेपर लीक का नहीं है बल्कि पेपर में नकल का है, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई की है। 

 

यह भी पढ़ें: AK-47 से प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग के आरोप, नप गए अभिषेक पटेल

 

सीएम मान ने क्या दावा किया?

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को दावा किया कि राज्य में उनकी पार्टी की सरकार बनने के बाद से एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। फार्मेसी भर्ती पेपर पर जारी विवाद पर सीएम ने कहा कि इस मामले में फिरोजपुर में एक अभ्यर्थी द्वारा परीक्षा के दौरान पेन कैमरा और वास्तविक समय में जवाब लिखवाने की तकनीक के इस्तेमाल का पता चला था। मान ने कहा कि कुछ ही मिनट में नकल करने वालों और उनके पीछे मौजूद गिरोह को पकड़ लिया गया और जेल भेज दिया गया। उन्होंने आगे कहा कि हम पिछले साढ़े चार साल से सत्ता में हैं। पंजाब में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है।

 

किन 6 पेपरों पर घिरी सरकार?

एक तरफ भगवंत मान एक भी पेपर लीक ना होने की बात कर रहे हैं वहीं विपक्ष सरकार पर आरोप लगा रहा है। विपक्ष ने 6 पेपरों की लिस्ट जारी कर सरकार को घेरा है।

 

आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के कुछ महीने बाद ही पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) ने नायब तहसीलदार भर्ती परीक्षा में नकल और मिलीभगत का विवाद सामने आया था, जिसमें पुलिस ने उम्मीदवारों की मदद करने वाले गिरोह का भांडाफोड़ कर 5 लोगों को गिरफ्तार किया था। इस भर्ती को पूरी तरह से रद्द नहीं किया गया बल्कि नकल करने में संलिप्त पाए गए उम्मीदवारों पर ही कार्रवाई की गई। 

 

पंजाब राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (PSTET) की परीक्षा साल 2023 में हुई थी। इस परीक्षा के प्रश्न पत्र में कई सवालों के सही उत्तर पहले से ही बोल्ड या हाइलाइट होने की गंभीर गड़बड़ी सामने आई थी। इस मामले में सरकार ने पूरी परीक्षा को ही रद्द कर दिया था और फिर से परीक्षा करवाने की घोषणा की थी। 

 

पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड की 12वीं क्लास की इंग्लिश का पेपर भी साल 2023 में लीक हुआ था। आरोपों के बाद इस परीक्षा को भी फिर से करवाया गया और प्रदेश के 2.5 लाख छात्रों पर इसका असर पड़ा। 

 

पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) ने 30 जून 2024 को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में 200 एडीओ के पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा करवाई थी। अभ्यर्थियों का आरोप था कि परीक्षा से कुछ दिन पहले ही प्रश्नपत्र लीक हो गया था। कुछ उम्मीदवारों ने दावा किया कि उन्होंने परीक्षा से पहले ही CMO को ई-मेल भेजकर संभावित पेपर लीक की सूचना दी थी। उस ई-मेल में यह भी आरोप लगाया गया था कि कृषि विभाग के एक सीनियर अधिकारी ने कथित तौर पर 32 लाख रुपये लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का सौदा किया है। हालांकि, यह आरोप था, जिसकी उस समय आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। इस परीक्षा का रिजल्ट भी घोषित कर दिया गया था। 

 

PSSSB ने 21 दिसंबर 2025 को राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में 408 ग्रुप-B पदों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित की थी। 9 जनवरी को इसका रिजल्ट जारी कर दिया गया और टॉप-100 सफल अभ्यर्थियों में 22 उम्मीदवार बठिंडा जिले के थे। टॉप-5 सभी अभ्यर्थी भी बठिंडा से थे। इसके अलावा एक पति-पत्नी, दो सगे भाई-बहन और दो चचेरे भाई-बहन भी टॉप रैंक में थे। इसके बाद इसकी निष्पक्षता पर सवाल उठे। 

 

यह भी पढ़ें: पहले CJP, अब E20 जनता पार्टी, धर्मेंद्र प्रधान के बाद नितिन गडकरी नपेंगे?

हरजोत बैंस के इस्तीफे की मांग?

दिल्ली में जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के नेता शामिल हुए थे। मनीष सिसोदिया ने तो यहां तक कह दिया था कि अगर पंजाब में पेपर लीक होता है तो वहां हम पहले शिक्षा मंत्री को हटाएंगे। इसके बाद से भर्ती परीक्षाओं खासकर फार्मेसी ऑफिसर भर्ती को लेकर पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस के इस्तीफे की मांग की जा रही है। हालांकि, हरजोत बैंस ने कहा कि कोई पेपर लीक नहीं हुआ है यह सिर्फ नकल का मामला था। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि यह पेपर उनके मंत्रालय से जुड़ा हुआ नहीं है बल्कि कृषि विभाग से जुड़ा हुआ है। 


और पढ़ें