logo

ट्रेंडिंग:

हिजाब विवाद: नुसरत के नौकरी छोड़ने वाली बातों पर बोले मंत्री, 'मुझे नहीं पता'

15 दिसंबर को नियुक्ति पत्र बांटते समय एक महिला डॉक्टर का हिजाब खींचे जाने के आरोप को लेकर CM नीतीश कुमार विवादों में घिर गए हैं। नुसरत परवीन ने सरकारी नौकरी न लेने का फैसला किया है जिस पर मंगल पांडेय ने कहा है कि उन्हें ऐसी किसी बात के बारे में पता नहीं हैं।

CM Nitish Kumar

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, Photo Credit- PTI

शेयर करें

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 15 दिसंबर को नवनियुक्त आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र दे रहे थे। इसी दौरान हुआ एक विवाद अब उनकी मुश्किलें बढ़ाता नजर आ रहा है। दरअसल, नियुक्ति पत्र देते समय उन्होंने महिला आयुष डॉक्टर नुसरत परवीन का हिजाब खींच दिया, जिसके बाद इस मामले पर बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश में नाराजगी देखने को मिल रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नुसरत और उनका परिवार बिहार छोड़कर कोलकाता चला गया है। परिवार का कहना है कि वह इस घटना से गहरे सदमे में हैं और अब बिहार वापस नहीं आएंगी। उन्होंने बिहार सरकार की नौकरी न लेने का भी फैसला किया है। इस पूरे विवाद पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने गुरुवार (18 दिसंबर) को कहा कि उन्हें ऐसी किसी भी बात की जानकारी नहीं मिली है कि  जिसमें कहा जा रहा है कि नुसरत ने सरकारी नौकरी में शामिल होने से मना कर दिया है। 

 

इस हिजाब विवाद के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कड़ी आलोचना हो रही है। कई मुस्लिम संगठनों के साथ-साथ अनेक राजनीतिक नेताओं ने भी उनके इस व्यवहार पर आपत्ति जताई है। मुख्यमंत्री के खिलाफ इस मामले में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

 

यह भी पढ़ें- पहले नेशनल यूथ गेम्स 2028 की मेजबानी करेगा बिहार, मिली हरी झंडी

मंगल पांडेय ने क्या कहा?

मंगल पांडेय ने यह कहते हुए विवाद पर विराम लगाने का प्रयास किया कि राज्य की सरकार ने हमेशा महिला सशक्तिकरण के लिए काम किया है। मंत्री ने कोलकाता की रहने वाली आयुष डॉक्टर नुसरत परवीन का इस घटना के बाद सरकारी नौकरी लेने से कथित तौर पर मना करने के बारे में पूछे जाने पर कहा, 'मुझे ऐसी कोई जानकारी नहीं है।' 

 

मीडिया में बीते दिन यह खबर चल रही थी कि परवीन ने नौकरी लेने से इनकार कर दिया है जिस पर स्वास्थय मंत्री ने अपना बयान दिया है। मंगल पांडे ने आगे कहा, 'हमारे मुख्यमंत्री ने हमेशा महिलाओं का सम्मान किया है और मातृ शक्ति के सशक्तिकरण के लिए बड़े पैमाने पर प्रयास किए हैं।'

लड़की ने क्या कहा?

इस पूरे मामले के बाद नुसरत की ओर से कोई सीधा बयान सामने नहीं आया है। वह मीडिया के सामने नहीं आईं, लेकिन उनके परिवार ने अपनी बात रखी है। नुसरत के भाई के अनुसार, 15 दिसंबर की घटना के बाद वह अपने परिवार के पास कोलकाता आ गई हैं और फिलहाल बिहार सरकार की नौकरी जॉइन नहीं करेंगी। परिवार का कहना है कि वे लगातार उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वह अभी तैयार नहीं हैं। बिहार लौटकर नौकरी जॉइन करने का फैसला परिवार ने नुसरत पर ही छोड़ दिया है।

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नुसरत का कहना है कि इस घटना से उन्हें गहरा अपमान महसूस हुआ है। उस वक्त वहां कई लोग मौजूद थे, जिनमें से कुछ हंस भी रहे थे। उनका कहना है कि परिवार उनके साथ खड़ा है और अंतिम फैसला उन्हें खुद लेना है। सभी उन्हें समझा रहे हैं कि किसी और की वजह से नौकरी क्यों छोड़ें, लेकिन फिलहाल वह खुद तय नहीं कर पा रही हैं कि क्या करें।


यह भी पढ़ें- असम की सरकारी जमीनों को लेकर क्यों बरपा हंगामा? प्रदर्शनकारियों की मांग क्या है?

जम्मू-कश्मीर के सीएम ने क्या कहा?

उमर अब्दुल्लाह ने एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से कहा, 'कभी धर्मनिरपेक्ष नेता के रूप में पहचाने जाने वाले नीतिश कुमार अब धीरे-धीरे अपना असली रंग दिखा रहे हैं। अगर सीएम उनको नियुक्ति-पत्र नहीं सौंपना चाहते थे तो उसे अलग रख सकते थे। इस तरह उनका अपमान करना सरासर गलत है।'

 

नीतिश कुमार की पार्टी की तरफ से इस विवाद पर कहा जा रहा है कि सीएम ने मुस्लिम समाज के लिए काम किया है। पसमांदा समाज को आगे बढ़ाया है। खैर अगर नुसरत अपने निर्णय पर अडिग रहती है तो फिर देखने वाली बात होगी कि इस पर सरकार आगे क्या करती है।

Related Topic:#Nitish kumar

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap