राजस्थान के अजमेर जिले के एक सरकारी विद्यालय में छात्राओं ने सोमवार को अपने प्रिंसिपल के चेहरे पर स्याही पोत दी। छात्राओं ने प्रधानाचार्य पर उनके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना एक सरकारी उच्च माध्यमिक स्कूल की है। सरकारी स्कूल में छात्राओं और उनके अभिभावकों ने स्कूल के प्रिंसिपल सुशील कुमार रिनवा के खिलाफ प्रदर्शन किया।
पुष्कर थाने के थानाधिकारी अशोक बिशु ने बताया, 'छात्राओं ने प्रिंसिपल के चेहरे पर स्याही पोत दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रिंसिपल को हिरासत में ले लिया।' उन्होंने बताया कि प्रिंसिपल के खिलाफ छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत एक केस दर्ज किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: युवक ने पीठ पर उठाकर दूल्हे को पार कराया उफनता नाला, पुल नहीं होने पर उठे सवाल
प्रिंसिपल के खिलाफ भेजी गई रिपोर्ट
अजमेर के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।
यह भी पढ़ें: पति पर लगे हत्या के आरोप, दफनाने के एक दिन बाद पुलिस ने निकलवाई लाश
छात्राओं के बयान दर्ज
उन्होंने कहा, 'प्रदर्शन की सूचना मिलने पर मैंने एक अधिकारी को स्कूल भेजा था। अधिकारी ने उन छात्राओं के बयान दर्ज किए, जिन्होंने प्रधानाचार्य पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।'
अजमेर के केकड़ी क्षेत्र में भी पिछले सप्ताह छात्राओं द्वारा इसी तरह के आरोप लगाए जाने के बाद एक सरकारी विद्यालय के शिक्षक को निलंबित किया गया था।