logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'गिरगिट रंग बदलता है, हरकत नहीं', अयोध्या में अखिलेश पर आकाश आनंद का तंज

अयोध्या में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उनकी तुलना गिरगिट से की। उन्होंने कहा कि गिरगिट रंग तो बदलता है, लेकिन अपनी हरकत नहीं बदल पाता।

An Image of Akash Anand delivering a speech during a rally

आकाश आनंद। (Photo Credit- Social Media)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बहुजन समाज पार्टी (BSP) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने बीकापुर विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी जितेंद्र सिंह बबलू के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान आकाश आनंद ने समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

 

उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें खुद नहीं पता कि वे क्या करना चाहते हैं। आकाश आनंद ने PDA के फुल फॉर्म में बदलाव और सपा के दलित सम्मेलन का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव की तुलना गिरगिट से की। उन्होंने कहा गिरगिट रंग बदलता है लेकिन हरकत नहीं बदलता।

 

आकाश आनंद ने भाजपा सरकार पर विज्ञापन के नाम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च करने और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर भी सवाल उठाए। वहीं, राहुल गांधी और कांग्रेस पर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

 

आकाश आनंद ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में अपनी कमियां छिपाने के लिए करीब 7 हजार करोड़ रुपये विज्ञापन पर खर्च किए। उन्होंने कहा कि सरकार विज्ञापन पर तो पैसे खर्च करती है, लेकिन सरकारी अस्पतालों में आग से बचाव के इंतजाम और सरकारी नौकरियों के खाली पद भरने के लिए उसके पास पैसे नहीं हैं।

 

उन्होंने झांसी के सरकारी अस्पताल में आग लगने से बच्चों की मौत का मुद्दा उठाया। अयोध्या में दीपोत्सव के दौरान हर साल नए रिकॉर्ड बनाए जाने पर भी उन्होंने सवाल किया कि इन दीयों की रोशनी आखिर कितने घरों तक पहुंच रही है।

'अखिलेश का सम्मान करता हूं लेकिन...'

आकाश आनंद ने कहा कि अखिलेश यादव को खुद नहीं पता कि वह क्या करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'मैं अखिलेश यादव का पूरा सम्मान करता हूं। लेकिन मुझे आज तक समझ नहीं आया कि वह करना क्या चाहते हैं। मुझे शक है कि शायद उन्हें भी नहीं मालूम कि क्या करना है। कल तक PDA का P पिछड़ा था। जब ब्राह्मण समाज बहुजन समाज पार्टी से जुड़ने लगा तो रातोंरात P पंडित हो गया। बहन जी ने ठीक कहा है कि गिरगिट की तरह रंग बदल देते हैं बेचारे। मुझे तो लगता है कि चुनाव आते-आते P का मतलब पता नहीं क्या हो जाएगा।'

 

अखिलेश यादव ने बीते 15 नवंबर को आगरा में दलित महासम्मेलन किया था। इस पर भी आकाश आनंद ने तंज कसा। उन्होंने कहा, 'अभी इन लोगों ने आगरा में दलित महासम्मेलन किया। एक दिन के लिए पूरी समाजवादी पार्टी अंबेडकरवादी बन गई। गिरगिट में एक दिक्कत होती है। वह रंग तो बदल लेता है, लेकिन हरकत नहीं बदल पाता। उसी सम्मेलन में सपा के थिंक टैंक रामगोपाल यादव सामने बैठी भीड़ पर भड़क पड़े। जिन्हें सम्मान देने के लिए बुलाया था, उन्हें ही मूर्ख बोल दिया। मैं प्रोफेसर जी का दिल से सम्मान करना चाहता हूं। जो बात हम लोग इतने दिन से समझाने की कोशिश कर रहे थे, उन्होंने एक मिनट में ही पूरे दलित समाज को समझा दिया। मेकअप कितना भी कर लो भाई साहब, जुबान पर दिल की बात आ ही जाती है।'

 

यह भी पढ़ें: 'सपा के गुंडों ने हत्या की', गोरखपुर में बच्चे के परिजन से मिलकर बोले CM योगी

'दीये जले, लेकिन रोशनी कितने घरों तक पहुंची'

आकाश आनंद ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने सरकार पर विज्ञापन पर अधिक पैसे खर्च करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'मैं जहां-जहां जाता हूं, लोगों से पूछता हूं कि दस साल में आपको भाजपा से क्या मिला। लोग कहते हैं कि भैया जी, काम तो नहीं पता, विज्ञापन बहुत देखे हैं। उत्तर प्रदेश की सरकार ने करीब 7 हजार करोड़ रुपये विज्ञापन के लिए खर्च किए। सिर्फ आपको यह बताने के लिए कि सब चंगा सी। 7 हजार करोड़ अपनी कमियां छिपाने के लिए हैं, लेकिन झांसी के सरकारी अस्पताल में आग से बचाव के लिए इनके पास पैसे नहीं हैं। दस से ज्यादा बच्चे वहां आग से जलकर मर गए।'

 

आकाश आनंद ने सरकारी नौकरियां नहीं देने को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, '7 हजार करोड़ अपनी फर्जी तारीफ के लिए, लेकिन जो सरकारी भर्तियां खाली पड़ी हैं, उनको भरने के लिए इनके पास पैसे नहीं हैं। हमारा बच्चा 10 साल पढ़ता है, लेकिन पेपर उससे पहले ही बाजार पहुंच जाता है। इस प्रदेश में कोई सबसे पहले पहुंचता है तो वह है इनका लीक पेपर। अयोध्या में हर साल दीयों का नया रिकॉर्ड बनाया जाता है। अच्छी बात है, दीये जलने चाहिए, लेकिन जरा पूछिएगा कि रोशनी कितने घरों तक पहुंची।'

 

यह भी पढ़ें: BJP पूछती थी राम मंदिर कब जाएंगे अखिलेश यादव? सपा ने तारीख बता दी

'कांग्रेस ने बाबा साहेब को चुनाव हराया'

आकाश आनंद ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को चुनाव नहीं जीतने दिया था। उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी हर मंच पर भीमराव अंबेडकर का नाम लेते हैं। नाम लेना अच्छी बात है, लेकिन इतिहास भी कुछ कहता है। यही कांग्रेस थी जिसने बाबा साहेब को चुनाव में हराने के लिए हर ताकत झोंक दी थी। यही कांग्रेस थी जिसने बाबा साहेब को कभी जीतकर संसद में नहीं जाने दिया। यही कांग्रेस थी जिसकी वजह से बाबा साहेब को परेशान होकर नेहरू मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा। बाबा साहेब को भारत रत्न 1992 में वीपी सिंह की सरकार में मिला। उसके पीछे भी मान्यवर कांशीराम और बहन जी के आंदोलन का दबाव था।'

Related Topic:#Akhilesh Yadav#BSP

और पढ़ें