उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक मां अपनी 20 दिन की नवजात बेटी को बेचने के लिए खरीदार तलाशने नर्सिंग होम पहुंच गई। उसके साथ उसकी भाभी भी थी। दोनों ने नर्सिंग होम संचालक से बच्ची के लिए किसी खरीदार की तलाश करने को कहा। महिलाओं की बात सुनकर संचालक को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस दोनों महिलाओं को नवजात बच्ची के साथ थाने ले आई। पूछताछ में महिला ने आर्थिक तंगी और पति से घरेलू विवाद को बच्ची को दूसरे परिवार को देने की वजह बताया।
मामला अलीगढ़ के क्वार्सी क्षेत्र के रिया नगर का है। यहां रहने वाली सोनी अपनी भाभी रेशमा के साथ जवां स्थित आदिल नर्सिंग होम पहुंची थी। दोनों महिलाओं ने नर्सिंग होम संचालक से नवजात बच्ची के लिए खरीदार तलाशने की बात कही। इस पर संचालक ने पुलिस को सूचना देने का फैसला किया।
नर्सिंग होम संचालक डॉ. रफीक ने बताया कि महिलाओं ने बच्ची को किसी जरूरतमंद परिवार तक पहुंचाने की बात कही थी। बुधवार को भी महिलाओं ने फोन कर बच्ची देने की इच्छा जताई थी। उन्होंने महिलाओं को कानूनी प्रक्रिया के तहत ही बच्ची को किसी परिवार को सौंपने की बात समझाई थी। गुरुवार को दोबारा फोन आने पर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को जानकारी दे दी।
यह भी पढ़ें: मुंहबोले मामा की हैवानियत, नाबालिग से दुष्कर्म; मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
पति करता है मजदूरी, पहले से हैं चार बच्चे
पुलिस पूछताछ में सोनी ने बताया कि उसका पति मजदूरी करता है। परिवार में पहले से दो बेटे और दो बेटियां हैं। आठ वर्षीय आलिया और छह वर्षीय माहिरा भी परिवार में हैं। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।
महिला ने बताया कि पति की मारपीट और घरेलू कलह से भी वह परेशान है। इसी आर्थिक तंगी और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते उसने नवजात बच्ची को किसी दूसरे परिवार को देने का फैसला किया था।
पुलिस ने दोनों महिलाओं को थाने बुलाया
नर्सिंग होम संचालक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को नवजात बच्ची के साथ थाने ले आई। पुलिस ने महिलाओं से पूछताछ की और परिजनों से भी मामले की जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी गौरव कुमार के मुताबिक, बच्ची समेत दोनों महिलाओं को थाने पर रखा गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची को दूसरे परिवार को देने के पीछे क्या परिस्थितियां थीं।
यह भी पढ़ें: शामली में सिलेंडर ब्लास्ट से उजड़ा परिवार, मां और दो बेटियों की जिंदा जलकर मौत
आर्थिक तंगी और पारिवारिक कलह बनी वजह
समाजशास्त्री डॉ. उमेश दीक्षित के अनुसार, गरीब परिवारों में आर्थिक मजबूरी के साथ पारिवारिक कलह, सामाजिक दबाव और भविष्य की असुरक्षा जैसे कई कारण एक साथ काम करते हैं। जब परिवार की आमदनी इतनी कम हो जाती है कि बच्चों का पालन-पोषण, पढ़ाई और इलाज कराना मुश्किल हो जाए तो परिवार गंभीर फैसले लेने की स्थिति में पहुंच सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।