उत्तर प्रदेश के जिला शामली में देर रात हुए भीषण हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घर में सो रहे परिवार पर अचानक ऐसा कहर टूटा कि संभलने तक का मौका नहीं मिला। गैस सिलेंडर में ब्लास्ट के बाद आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते छत ढह गई। हादसे में मां और उसकी दो बेटियों की दर्दनाक मौत हो गई। तीनों के शव मलबे के नीचे बुरी तरह जली हालत में मिले। परिवार घर पर माला बनाने का काम करता था और करीब ढाई लाख रुपये का माल भी घर में रखा हुआ था, जो आग की भेंट चढ़ गया। एक ही हादसे में तीन जिंदगियां खत्म होने के साथ परिवार की रोजी-रोटी का सहारा भी उजड़ गया।
शामली के बाबरी थाना क्षेत्र के कैड़ी गांव में बुधवार देर रात करीब 12 बजे साजिद के घर अचानक आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर में आग लगने के बाद गैस सिलेंडर इसकी चपेट में आ गए और जोरदार धमाके होने लगे। धमाकों से मकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और छत गिरने से घर में मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। उस समय परिवार के सदस्य सो रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि एक कमरे में सो रही मां और उसकी दो बेटियां बाहर नहीं निकल सकीं। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और गांव में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें: 6 लाख में पत्नी ने दी पति की सुपारी, कांस्टेबल प्रेमी संग पकड़ी गई
माला बनाने का काम, ढाई लाख का माल भी जलकर राख
परिवार घर पर ही माला बनाने का काम करता था। इसी काम से परिवार की रोजी-रोटी चलती थी। घर में माला बनाने से जुड़ा करीब ढाई लाख रुपये का माल रखा हुआ था, जो आग और सिलेंडर धमाकों के चलते जलकर नष्ट हो गया। मकान में आग इतनी भीषण थी कि घर का सामान बचाने का मौका तक नहीं मिला। परिवार को इस हादसे में जान का नुकसान तो हुआ ही, काम के लिए जमा माल भी खत्म हो गया। तीन मौतों के साथ परिवार पर आर्थिक संकट भी टूट पड़ा।
मां और दो बेटियों की दर्दनाक मौत, मलबे में मिले शव
हादसे में साजिद की पत्नी साजिदा और उनकी दो बेटियों अदन (13) व माहिरा (11) की मौत हो गई। आग और धमाकों के बाद मकान की छत ढह गई और तीनों मलबे में दब गईं। जब राहत और बचाव के दौरान उन्हें बाहर निकाला गया तो उनकी हालत बेहद भयावह थी। शव बुरी तरह जल चुके थे और कंकाल जैसी स्थिति में मिले। परिवार के दूसरे सदस्यों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन मां और दोनों बेटियों को बचाया नहीं जा सका।
यह भी पढ़ें: जमीन विवाद का खूनी अंजाम, स्कॉर्पियो से 9 लोगों को कुचला; दो की मौत, सात घायल
पुलिस-दमकल पहुंची, गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही बाबरी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम किया गया। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में आग लगने के कारणों की पड़ताल की जा रही है। शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी।एक ही परिवार की मां और दो बेटियों की मौत से कैड़ी गांव में मातम पसरा है। जिस घर में परिवार अपने काम और भविष्य की उम्मीदें संजो रहा था, वहां अब राख, मलबा और अपनों को खोने का दर्द रह गया है।