उत्तर प्रदेश के जौनपुर में पारिवारिक जमीन विवाद ने बुधवार को खूनी रूप ले लिया। दो सगे भाइयों के बीच चल रहे संपत्ति विवाद के दौरान स्कॉर्पियो से लोगों को कुचलने का मामला सामने आया है। इस दर्दनाक घटना में 20 वर्षीय अमित यादव और 40 वर्षीय इंदु देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए।
घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किए जाने की जानकारी है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक घटना गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव की है। यहां रहने वाले मनोज यादव और उनके सगे भाई महेंद्र यादव के बीच जमीन और पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर पिछले तीन दिनों से विवाद चल रहा था। बुधवार को भी दोनों भाइयों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। विवाद बढ़ने पर गांव के कई लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया।
महेंद्र के बेटे पर आरोप
आरोप है कि इसी दौरान महेंद्र यादव का बेटा स्कॉर्पियो लेकर मौके पर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों को गाड़ी से कुचल दिया। स्कॉर्पियो की चपेट में आने से नौ लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराया और पलट गया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोग घायलों की मदद के लिए दौड़े। स्कॉर्पियो चलाने वाले युवक का नाम अभी सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़ें: शादी कहीं और तय हुई तो भड़का प्रेमी, प्रेमिका का गला रेता, खुद भी लगाई फांसी
अमित और इंदु की मौत
इस घटना में अमित यादव (20) पुत्र श्रवण यादव और इंदु देवी (40) पत्नी मनोज यादव की मौत हो गई। इंदु देवी रिश्ते में आरोपी युवक की चाची बताई जा रही हैं। हादसे में घायल सात लोगों में विलेश यादव (24), राजनाथ यादव (65), राजकुमार (45), साहब लाल (22), मनोज यादव (45), सनी यादव और किशन यादव के नाम सामने आए हैं।
सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी भेजे जाने की जानकारी भी मिली है।
अस्पताल पहुंचे डीएम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से बातचीत कर सभी घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
यह भी पढ़ें: बारातियों की कार लोडर में घुसी, सैनिक की मौत, दूल्हे के भाई समेत 8 घायल
पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। परिजनों की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि जमीन विवाद के दौरान लोगों को जानबूझकर स्कॉर्पियो से कुचला गया। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
यह पता लगाया जा रहा है कि स्कॉर्पियो से टक्कर जानबूझकर मारी गई या वाहन अनियंत्रित होने से हादसा हुआ। आरोपी युवक की पहचान और उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।