उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच डाली। पति को रास्ते से हटाने के लिए छह लाख रुपये में शूटरों को सुपारी दी गई। साजिश के तहत बदमाशों ने अलीगंज क्षेत्र के पुरनिया चौराहे के पास बैंककर्मी अनुराग शुक्ला पर गोली चला दी। गोली अनुराग के दाहिने हाथ में लगी और उनकी जान बच गई।
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी आशी मिश्रा, उसके प्रेमी यूपी पुलिस के सिपाही नितिन राणा समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी मनोज राजपूत की तलाश की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि अनुराग शुक्ला की पत्नी आशी मिश्रा का वर्ष 2022 से यूपी पुलिस के सिपाही नितिन राणा के साथ प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात लखनऊ की एक सार्वजनिक लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। वर्ष 2025 में आशी की शादी अनुराग शुक्ला से हो गई, लेकिन शादी के बाद भी उसका नितिन से संपर्क बना रहा। पुलिस के मुताबिक, नितिन ने आशी को अपने नाम से एक सिम कार्ड भी दे रखा था, जिसके जरिए दोनों बातचीत करते थे।
छह लाख में तय हुई सुपारी
पुलिस के मुताबिक शादी के बाद आशी ने पति का मोबाइल फोन चेक किया। उसे पता चला कि अनुराग दूसरी महिलाओं से भी बातचीत करते हैं। इस बात को लेकर उसने अपने प्रेमी नितिन राणा से चर्चा की। इसके बाद दोनों ने अनुराग को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए नितिन ने अपने परिचित मयंक वशिष्ठ उर्फ लाला, शुभम शर्मा और अन्य लोगों से संपर्क किया। अनुराग की हत्या के लिए छह लाख रुपये की सुपारी तय की गई। पुलिस के अनुसार, रकम में से कुछ पैसा नितिन ने मयंक के भाई शिवम राजपूत को दिया था।
यह भी पढ़ें: UP के पेंशनरों को बड़ी राहत, अब 70 रुपये में घर बैठे बनेगा जीवन प्रमाणपत्र
रेकी के बाद पति पर चलाई गोली
योजना के तहत आरोपियों ने 26 अक्टूबर को लखनऊ पहुंचकर अनुराग की गतिविधियों पर नजर रखी और उनकी रेकी की। इसके बाद 28 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया चौराहे के पास केंद्रीय भवन के गेट के नजदीक फास्ट फूड की दुकान के पास अनुराग को निशाना बनाया गया। बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। गोली अनुराग के दाहिने हाथ की बाजू में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल अनुराग ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद अलीगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पत्नी और प्रेमी सिपाही समेत पांच गिरफ्तार
मामले के खुलासे के लिए डीसीपी उत्तरी की स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ अलीगंज पुलिस को लगाया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच में साजिश की परतें खुलने के बाद पुलिस ने मेरठ में दबिश देकर सिपाही नितिन राणा, मयंक वशिष्ठ उर्फ लाला, शुभम शर्मा और शिवम राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मुख्य साजिशकर्ता आशी मिश्रा को लखनऊ से पकड़ा गया। इस तरह पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें: शादी कहीं और तय हुई तो भड़का प्रेमी, प्रेमिका का गला रेता, खुद भी लगाई फांसी
एक आरोपी फरार, दोबारा हमले की थी योजना
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी दोबारा वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। इसी सिलसिले में नितिन राणा ने अन्य आरोपियों को मेरठ बुलाया था। पुलिस ने वहीं दबिश देकर चार आरोपियों को पकड़ लिया। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी मनोज राजपूत अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और 1,300 रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मयंक वशिष्ठ और शुभम शर्मा का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है।