logo

मूड

ट्रेंडिंग:

UP के पेंशनरों को बड़ी राहत, अब 70 रुपये में घर बैठे बनेगा जीवन प्रमाणपत्र

UP के पेंशनरों को जीवित प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने होगें। डाक विभाग की ओर से 70 रुपये में घर बैठे जीवित प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा शुरु कर दी गई है।

Ai generated photo

प्रतीकात्मक फोटो, Photo Credit : Chat GPT

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश के लाखों पेंशनरों के लिए राहत भरी खबर है। अब पेंशन जारी रखने के लिए हर साल जीवित प्रमाणपत्र बनवाने की भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। डाक विभाग ने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से घर बैठे डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके तहत डाकिया या ग्रामीण डाक सेवक पेंशनर के घर पहुंचकर बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी कराएगा। इसके लिए महज 70 रुपये शुल्क देना होगा। इस सुविधा का लाभ उत्तर प्रदेश में रहने वाले केंद्र और राज्य सरकार के पात्र पेंशनरों के साथ कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ( EPFO ) के पेंशनर भी उठा सकते हैं।

 

हर साल नवंबर में पेंशन जारी रखने के लिए जीवित प्रमाणपत्र जमा करना जरूरी होता है। इसके लिए बुजुर्गों को कोषागार, बैंक या संबंधित कार्यालयों तक जाना पड़ता है। कई बार लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ता है। उम्रदराज और बीमार पेंशनरों के लिए यह प्रक्रिया किसी बड़ी परेशानी से कम नहीं होती। अब डाक विभाग की डोरस्टेप सेवा से यह काम घर पर ही कराया जा सकेगा।

70 रुपये में घर पहुंचेगा डाकिया

जीवित प्रमाणपत्र बनवाने के लिए पेंशनर को अपने क्षेत्र के डाकिया, ग्रामीण डाक सेवक या नजदीकी डाकघर से संपर्क करना होगा। अनुरोध मिलने पर डाकिया घर पहुंचकर डिजिटल प्रमाणपत्र बनाने की प्रक्रिया पूरी कराएगा। इसके लिए पेंशनर को आधार नंबर, मोबाइल नंबर, पेंशन भुगतान आदेश (PPO) नंबर और बैंक खाते से संबंधित जानकारी उपलब्ध करानी होगी। आधार आधारित फिंगरप्रिंट या अन्य उपलब्ध बायोमेट्रिक सत्यापन के जरिए डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र तैयार किया जाएगा। डोरस्टेप सेवा के लिए सफलतापूर्वक प्रमाणपत्र बनने पर 70 रुपये शुल्क निर्धारित है।

यह भी पढ़ें: शादी कहीं और तय हुई तो भड़का प्रेमी, प्रेमिका का गला रेता, खुद भी लगाई फांसी

प्रमाणपत्र बनते ही विभाग तक पहुंचेगी डिजिटल प्रति

इस सुविधा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि प्रमाणपत्र तैयार होने के बाद पेंशनर को उसकी प्रति लेकर कोषागार या बैंक के चक्कर नहीं लगाने होंगे। डिजिटल प्रमाणपत्र संबंधित पेंशन वितरण विभाग तक ऑनलाइन पहुंच जाएगा। प्रक्रिया पूरी होने पर पेंशनर के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संदेश भी आएगा। इससे पेंशन जारी रखने के लिए जीवित होने का प्रमाण देने की प्रक्रिया आसान हो जाएगी।

पोस्ट इन्फो एप और पोर्टल से भी कर सकेंगे आवेदन

पेंशनर घर बैठे डाक विभाग के पोस्ट इन्फो मोबाइल एप के माध्यम से भी डाकिया बुलाने का अनुरोध कर सकते हैं। इसके अलावा डाक विभाग के ऑनलाइन सर्विस रिक्वेस्ट पोर्टल पर भी आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए वेबसाइट पर जाकर अनुरोध दर्ज कराया जा सकता है। आवेदन मिलने के बाद संबंधित डाकघर के कर्मचारी आगे की प्रक्रिया पूरी करेंगे। पेंशनर नजदीकी डाकघर पहुंचकर भी डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र बनवा सकते हैं।

पोस्टमास्टर जनरल ने बताई सुविधा

पोस्टमास्टर जनरल सुनील कुमार राय ने बताया कि पेंशनर अपने नजदीकी डाकघर या डाक सेवक से संपर्क कर इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। डाक विभाग की इस व्यवस्था से पेंशनरों को जीवित प्रमाणपत्र बनवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और घर बैठे ही यह प्रक्रिया पूरी कराई जा सकेगी।

 

यह भी पढ़ें: बारातियों की कार लोडर में घुसी, सैनिक की मौत, दूल्हे के भाई समेत 8 घायल

बुजुर्गों और दिव्यांग पेंशनरों को सबसे ज्यादा फायदा

डाक विभाग की इस पहल से खासतौर पर उन बुजुर्गों और दिव्यांग पेंशनरों को राहत मिलेगी, जिनके लिए बैंक या कोषागार तक पहुंचना मुश्किल होता है। गांवों और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले पेंशनरों को भी इसका लाभ मिलेगा। अब उन्हें नवंबर में प्रमाणपत्र जमा कराने के लिए लंबी दूरी तय करने और कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी। महज 70 रुपये में डाकिया उनके घर पहुंचकर डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र बनवाने में मदद करेगा।

Related Topic:#UP News

और पढ़ें