उत्तर प्रदेश के जिला अलीगढ़ में अवैध संबंधों के शक में एक युवक के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। अकराबाद थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर उसके सिर के आधे बाल और दाढ़ी-मूंछ काट दी। इसके बाद चेहरे पर कालिख पोती गई और उसे पेड़ से बांधकर चप्पलों से पीटने का आरोप है। इतना ही नहीं, युवक को जबरन पेशाब पिलाने का वीडियो भी वायरल हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अकराबाद थाना क्षेत्र के दुभिया बंजारा के मोहल्ला सतभैया का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को खैर क्षेत्र के गांव बिलखोरा निवासी युवक अपनी बहन की ससुराल दुभिया बंजारा आया था। युवक के अपनी बहन की देवरानी के साथ प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। बताया गया कि युवक और महिला दोनों शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी हैं। कुछ महीने पहले दोनों के घर से चले जाने की बात भी सामने आई थी। करीब 15 दिन बाद दोनों गांव लौटे थे। इसके बाद गांव में पंचायत हुई थी और दोनों को दोबारा ऐसा नहीं करने की चेतावनी दी गई थी।
आपत्तिजनक स्थिति में देखने का दावा
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को कुछ लोग जंगल में मवेशी चराने गए थे। इसी दौरान उन्होंने युवक और महिला को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद युवक को पकड़ लिया गया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।आरोप है कि भीड़ ने युवक के आधे सिर के बाल और दाढ़ी-मूंछ काट दीं। इसके बाद उसके चेहरे पर कालिख पोती गई और उसे पेड़ से बांध दिया गया। वहां मौजूद लोगों ने चप्पलों से उसकी पिटाई की।
यह भी पढ़ें: शामली में 85 हजार रुपये रिश्वत लेते खनन अधिकारी और क्लर्क गिरफ्तार, 71 लाख बरामद
महिला ने जबरन पेशाब पिलाया, वीडियो वायरल
मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब युवक को कथित तौर पर जबरन पेशाब पिलाने का आरोप सामने आया। घटना का वीडियो बनाया गया, जिसमें युवक के साथ मारपीट और उसके अपमानजनक तरीके से प्रताड़ित किए जाने का दृश्य दिखाई देता है। शनिवार को यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद अकराबाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर चार महिलाओं सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अकराबाद के इंस्पेक्टर पंकज कुमार मिश्रा ने कार्रवाई की पुष्टि की है।
पहले पंचायत में दी गई थी चेतावनी
पुलिस के मुताबिक, युवक और महिला के बीच संबंध की जानकारी सामने आने के बाद पहले भी गांव में पंचायत हुई थी। दोनों को समझाया गया था और दोबारा ऐसा नहीं करने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद दोनों के जंगल में मिलने की बात सामने आने के बाद ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया।पुलिस अब वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका और युवक के साथ की गई मारपीट तथा कथित अमानवीय व्यवहार के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: आगरा एक्सप्रेसवे पर कार डिवाइडर से टकराई, 3 दोस्तों की मौत, 2 घायल
कानून हाथ में लेने पर कार्रवाई
अलीगढ़ की इस घटना में पुलिस ने वीडियो सामने आने के बाद तेजी से कार्रवाई की है। युवक के साथ मारपीट, उसे पेड़ से बांधने, बाल-दाढ़ी काटने, चेहरे पर कालिख पोतने और कथित तौर पर पेशाब पिलाने के आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।