पंजाब सरकार ने अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर का तबादला कर दिया है। उन्होंने हाल ही में दिल्ली में जंतर-मंतर पर
कॉकरोच जनता पार्टी
(CJP) के प्रदर्शन और आतंकी साजिश को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस किया था। 4 अगस्त को गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI ने धरने के दौरान आतंकी हमले की साजिश रची थी। ऐसे में गुरप्रीत सिंह भुल्लर के अचानक तबादले के बाद सियासत गरमा गई है।
हालांकि, सरकार की तरफ से जारी आधिकारिक आदेश में तबादले की वजह प्रशासनिक आधार बताई गई है। अब उनकी जगह डीआईजी बॉर्डर रेंज हरमनबीर सिंह को अमृतसर पुलिस कमिश्नर का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। पूर्व पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर को अगले आदेश तक डीजीपी कार्यालय में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया।
यह भी पढ़ें: नागपुर में अधिकारी की बेटी से रेप, आरोपी ने खुद को पहुंचाई चोट; ICU में भर्ती
क्या इस प्रेस कॉन्फ्रेंस ने कराया तबादला?
4 अगस्त को गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI ने धरने के दौरान आतंकी हमले की साजिश रची थी। आरोपी ट्रेन से दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने बताया था कि पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के निर्देश पर उन्हें पेट्रोल बम उपलब्ध कराए गए थे। हालांकि, जंतर-मंतर पर दिल्ली पुलिस की मौजूदगी के कारण वो साजिश को अंजाम नहीं दे पाए। इसमें शामिल 4 नाबालिगों समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। यह सामने आते ही बीजेपी ने वीडियो शेयर कर सोशल मीडिया पर लिखा कि गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने खुलासा किया कि इस प्रदर्शन के पीछे ISI समर्थित मॉड्यूल सक्रिय था।
पुलिस को देनी पड़ी सफाई
हालांकि बाद में इस पर अमृतसर पुलिस ने स्पष्टीकरण दिया था। पुलिस ने कहा था कि सोशल मीडिया पर वायरल किए गए कुछ दावे और वीडियो भ्रामक हैं, उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स पर ऐसे यूआरएल डाले गए हैं जिनमें अमृतसर के पुलिस कमिश्नर की 4 अगस्त 2026 की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। इसका मकसद दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शनों को पाकिस्तानी ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल से जोड़ना है। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि उस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमिश्नर ने पंजाब पुलिस द्वारा एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करने की जानकारी दी थी।
गुरप्रीत सिंह भुल्लर के तबादले पर सियासत गरम
गुरप्रीत सिंह भुल्लर के तबादले का बाद सियासत गरमा गई है। इस पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और BJP नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया (X) पर पोस्ट कर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सवाल किया है कि क्या भुल्लर द्वारा जंतर-मंतर से जुड़ी कथित साजिश को लेकर किए गए खुलासों के बाद उनका तबादला किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने क्या बताया?
इस मामले में प्रवक्ता ने बताया कि अमृतसर पुलिस कमिश्नर ने 4 अगस्त 2026 की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि गिरफ्तार लोगों ने जंतर-मंतर पर रेकी कर पेट्रोल बमों से प्रदर्शनकारियों को निशाना बनाने की योजना बनाई थी। पर ऐसा कुछ नहीं कहा गया था कि गिरफ्तार लोग खुद प्रदर्शन में शामिल थे या प्रदर्शनकारियों से उनका कोई संबंध था। वीडियो से झूठ फैलाया जा रहा है। बदले गए बैकग्राउंड, कुछ एडिटिंग और गलत कैप्शन मिलकर यह गलत धारणा बना रहे हैं कि गिरफ्तार लोग प्रदर्शनों से जुड़े थे।
उनका कहना है कि ऑडियो-तथ्य नहीं बदले गए, लेकिन पोस्ट का बयान, कैप्शन और वीडियो पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस सही ढंग से नहीं दिखाते। उन्होंने कहा है कि यह कोशिश बयान को गलत ढंग से पेश करने की लगती है, जिस पर IT एक्ट के तहत कार्रवाई हो रही है।