उत्तर प्रदेश के अमरोहा से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। थाना डिडौली क्षेत्र में नशे में धुत एक सिपाही ने तेज रफ्तार कार से दो युवकों को कुचल दिया। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज लगी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे, उन्हें गंभीर चोटें आई हैं. सिपाही इतने में नहीं रुका, युवको को कुचलने के बाद भी वह तेज रफ्तार में कार चलाता रहा। इस दौरान कई दूसरे गाड़ियों को भी टक्कर लगी।
इसके बाद सिपाही की कार का एक टायर निकल गया, फिर भी वह नहीं रुका। सिपाही बिना टायर के ही कार को हाईवे पर दौड़ाता रहा। इससे आसपास सड़क पर मौजूद लोगों की बीच अफरा-तफरी मच गई।
गुस्साए लोगों ने सिपाही की जमकर की धुनाई
बताया जा रहा है कि घटना सोमवार रात करीब 11 बजे डिडौली कोतवाली क्षेत्र के जोया कस्बे में हुई। घटना के बाद वहां मौजूद कुछ लोगों ने सिपाही का पीछा किया। जोया टोल प्लाजा के पास सिपाही की कार को रोक कर लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी।
सूचना मिलने के बाद डिडौली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और सिपाही को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया। वहीं, घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा दिया गया है।
हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
इस पूरे मामले में आरोपी सिपाही संजीव तोमर के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया कर लिया गया है। आरोपी और इस घटना में घायल हुए दोनों युवक अमित कुमार और रविंद्र डिडौली गांव के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने इस मामले में घटनास्थल पर पहुंचकर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने क्या कहा?
इस मामले को लेकर पुलिस का बयान भी सामने आया है। डिडौली थाना प्रभारी जितेंद्र बालियान ने बताया कि इस मामले में आरोपी सिपाही संजीव तोमर के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।