महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में पुलिस ने एक ऐसे फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है, जिसने पिछले 28 साल से खुद को डॉक्टर बताकर कई लोगों की आंखों में धूल झोंकी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने फर्जी डॉक्टर ने अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाया, जहां कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के नाम पर 10 करोड़ रुपये का घोटाला किया। इसके अलावा आरोपी ने बॉलीवुड के कई अभिनेताओं के साथ फोटो खिंचवाई थीं। इन फोटो को लोगों को दिखाकर वह अपना रौब जमाता था।
पुलिस ने रविवार को आरोपी को गिरफ्तार किया। फर्जी डॉक्टर का नाम धर्मेंद्र कुमार है, जो बिहार का रहने वाला है। आरोपी धर्मेंद्र सिर्फ मुंबई में ही नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों में भी ठगी कर चुका है। पुलिस की जांच के मुताबिक, धर्मेंद्र कुछ लोगों के साथ मिलकर लोगों को धोखा देता था। मुंबई पुलिस आरोपी धर्मेंद्र के खिलाफ आगे की जांच में जुटी है। अब सवाल उठता है कि मुंबई पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र कुमार की कथित जालसाजी का पर्दाफाश कैसे किया।
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ में मर्सिडीज कार से 2 लड़कों को कुचला, आरोपी हुआ गिरफ्तार, वीडियो वायरल
कैसे हुआ फर्जी डॉक्टर का पर्दाफाश?
मुंबई क्राइम ब्रांच एक फर्जी डीसीपी के मामले की जांच कर रही थी। इस दौरान आरोपी फर्जी डीसीपी मोहम्मद गौस इब्राहिम के बारे में जांच की जा रही थी। यह फर्जी डीसीपी कुछ समय पहले धर्मेंद्र कुमार के मेडिकल कैंप में गया था। इसी सिलसिले में असली डीसीपी राज तिलक मेडिकल कैंप पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात धर्मेंद्र कुमार से हुई। धर्मेंद्र ने अपना विजिटिंग कार्ड दिखाया तो डीसीपी तिलक को शक हुआ। इसके बाद तिलक ने धर्मेंद्र से मेडिकल डिग्री के बारे में कुछ सवाल किए, तो वह हिचकिचाने लगा।
इसी शक के आधार पर पुलिस ने धर्मेंद्र कुमार के खिलाफ जांच शुरू की। जांच में पुलिस को पता चला कि धर्मेंद्र कुमार फर्जी दस्तावेज बनवाकर लोगों के साथ ठगी कर रहा था। पुलिस अधिकारियों की जांच में धर्मेंद्र कुमार के फर्जी पैन कार्ड, फर्जी पहचान पत्र और फर्जी डिग्री मिली। इन्हीं सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया, जिसे 16 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर केस में मां-पिता ने न्यायिक आयोग के सामने दर्ज कराई गवाही
अभिनेताओं से कैसे मिला फर्जी डॉक्टर?
धर्मेंद्र कुमार ने कुछ समय पहले फिल्मों में काम करने वाले वर्कर्स के लिए मेडिकल कैंप लगाया था, जहां कुछ अभिनेता भी पहुंचे थे। उसी दौरान धर्मेंद्र कुमार ने अभिनेताओं के साथ फोटो खिंचवाई थीं। इन्हीं फोटो को दिखाकर धर्मेंद्र कथित तौर पर लोगों से झूठ बोलता था।