उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जहां ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पहुंचे। वह सर्किट हाउस गए तो पुलिस ने उन्हें जज समझकर 'गार्ड ऑफ ऑनर' दे दिया। जिसके बाद सदर के सर्कल ऑफिसर (CO) पवन कुमार को पद से हटा दिया गया। अब पवन कुमार ट्रैफिक विभाग में काम करेंगे। इसके साथ ही मौके पर मौजूद बाकी पुलिसकर्मियों की चूक को लेकर जांच-पड़ताल की जा रही है। जब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद सर्कल ऑफिसर के खिलाफ एक्शन लिया गया।
असदुद्दीन ओवैसी 21 नवंबर को सहारनपुर गए थे। जब वह अपर जिलाधिकारी लवी त्रिपाठी से मिलने गए, उससे पहले वह सर्किट हाउस गए थे। यहीं उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस अधीक्षक मयंक पाठक ने बताया कि एक्स को पत्र भेजा गया है, जिसमें लिखा है कि घटना का वीडियो और पोस्ट एक्स प्लेटफॉर्म से हटा दिए जाएं। इसके साथ ही बता दें, पवन कुमार को 23 नवंबर को पद से हटाकर ट्रैफिक विभाग भेजा गया।
यह भी पढ़ें: खुद भीख मांगकर चलाती हैं घर, मंदिर को दान में दे दिए 1 लाख रुपये
पुलिसकर्मियों से क्यों हुई गलती?
21 नवंबर को पुलिसकर्मियों को बताया गया था कि सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के जज आने वाले हैं। उनके स्वागत के लिए पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिलवाने के लिए जवान तैनात किए थे। सुप्रीम कोर्ट के जज के आने से पहले सर्किट हाउस में असदुद्दीन ओवैसी पहुंच गए तो वहां मौजूद जवानों ने उन्हें जज समझकर गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया था।
असदुद्दीन ओवैसी के आसपास सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। इसी वजह से पुलिस के जवानों को गलतफहमी हुई थी। जब जवानों ने असदुद्दीन ओवैसी को सलामी दी तो वह रुककर उन्हें देखने लगे।
यह भी पढ़ें: 'बिहार सरकार ने किसानों की 300 करोड़ की जमीन हड़पी', भड़के RJD के सुधाकर सिंह
क्या बोले पुलिस अधीक्षक?
इस मामले को लेकर सहारनपुर के पुलिस अधीक्षक मयंक पाठक ने कहा कि घटना के वायरल वीडियो को हटाने के लिए एक्स को पत्र भेजा गया है, जिसमें पुलिस ने बताया कि वीडियो की वजह से पुलिस की छवि खराब हो रही है। इसलिए 19 एक्स अकाउंट की पोस्ट हटाने की मांग की गई है।