पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग ने ASDD वोटर लिस्ट ऑनलाइन कर दी है। इस लिस्ट में उन वोटरों की जानकारी है, जिनके नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं। ASDD यानी अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लीकेट और मृत वोटर्स है। लिस्ट ऑनलाइन होने के बाद वोटर आसानी से देख सकेंगे कि उनका नाम इस सूची में है या नहीं।
चुनाव आयोग ने नाम हटाए जाने के बाद उसे दोबारा जुड़वाने का रास्ता भी बताया है। जिन वोटरों का नाम काट दिया गया है, वे फॉर्म-6 भरकर नाम वापस जोड़ने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन का विकल्प भी है। इसके अलावा वोटर अपने इलाके के BLO यानी बूथ लेवल ऑफिसर से भी संपर्क कर सकते हैं।
कहां देख सकेंगे ASDD वोटर लिस्ट?
ASDD लिस्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी यानी CEO की वेबसाइट पर उपलब्ध है। वेबसाइट पर आपको अपना जिला चुनना होगा। इसके बाद संबंधित लिस्ट आपके सामने आ जाएगी। इससे आपको सीधे जानकारी मिल जाएगी कि आपका नाम लिस्ट में है या नहीं।
यह भी पढ़ें: SIR के बाद कट गए करोड़ों लोगों के नाम, अब राज्यों में स्पेशल ड्राइव चलाएगा ECI
नाम कट गया है तो कैसे जुड़वाएं?
चुनाव आयोग ने नाम दोबारा जुड़वाने के लिए तीन तरीके बताए हैं। पहला और सीधा तरीका है फॉर्म-6 भरना है। साथ ही आप इसके लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। बूथ लेवल ऑफिसर यानी BLO से संपर्क करके भी आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। चुनाव आयोग ने BLO को यह जिम्मेदारी दिया है वह हर हफ्ते 20-25 घरों में व्यक्तिगत पहुंच कर प्रक्रिया को पूरा करने की कोशिश करनी होगी। BLO को जरूरत-मंद वोटरों की मदद करने के लिए आगे किया गया है। वह योग्य वोटरों के फॉर्म 6 भरने में भी मदद करेंगे। इससे ज्यादा से ज्यादा वोटर्स तक चुनाव आयोग की सीधे पहुंच हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार को निलंबित करने की मांग, सुप्रीम कोर्ट का अंतरिम आदेश से इनकार
BLA भी कर सकेंगे लिस्ट का वैरिफिकेशन
चुनाव आयोग ने इस बार पारदर्शिता बढ़ाने का फैसला किया है। चुनाव आयोग ने BLA यानी बूथ लेवल एजेंट को भी लिस्ट देने का फैसला किया है। BLO द्वारा तैयार की गई लिस्ट BLA को सौंपी जाएगी। BLA इसका वैरिफिकेशन कर सकेंगे। इसके बाद लिस्ट ERO यानी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी के पास जाएगी। अंतिम फैसला ERO के स्तर पर होगा।