logo

मूड

ट्रेंडिंग:

सोनपुर मेले में CM का बड़ा एलान, हरिहरनाथ मंदिर के लिए 1000 करोड़ मंजूर

बिहार के सीएम ने सोनपुर मेले की शुरूआत की। इस बार के सोनपुर के मेले के बारे में लोग ऑनलाइन भी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा उन्होंने बाबा हरिहरनाथ मंदिर के विकास के लिए 1000 करोड़ रुपये की सौगात दी। 

CM at Sonepur Mela

सोनपुर मेले में मुख्यमंत्री, Photo Credit- Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

गंगा और गंडक के संगम पर बसे हरिहर क्षेत्र में 22 नवंबर को वो नजारा था, जिसे देखने के लिए लोग साल भर इंतजार करते हैं। ढोल-नगाड़ों की गूंज, हर-हर महादेव के जयकारे, हाथियों की घंटियां, झूलों की चीत्कार और मेले की रौनक, सब कुछ एक साथ। इसी बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बाबा हरिहरनाथ के दरबार में पहुंचे, सिर झुकाकर पूजा की और राज्य की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। फिर मंच से जैसे ही उन्होंने दीप जलाकर सोनपुर मेला का उद्घाटन किया, पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने मेले की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और एआई चैटबॉट भी लॉन्च किया, ताकि दुनिया के किसी भी कोने से बैठा व्यक्ति सोनपुर मेले की हर जानकारी अपनी हथेली पर पा सके। 

 

22 नवंबर से 23 दिसंबर तक चलने वाले इस ऐतिहासिक मेले में इस बार देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु, पर्यटक, व्यापारी और पशुपालक पहुंचेंगे। मंच पर सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता समेत पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद था। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह और हरित पौधा देकर स्वागत किया।

 

यह भी पढ़ें: बीजेपी ने पंजाब के लिए बनाई राज्य चुनाव समिति, किन नेताओं को मिली जिम्मेदारी?

'बिहार की अर्थव्यवस्था का इंजन बनेगा सोनपुर'

मुख्यमंत्री ने कहा, 'सोनपुर मेला अब सिर्फ पशु मेला और सांस्कृतिक आयोजन बनकर नहीं रहेगा। इसे बिहार की अर्थव्यवस्था का इंजन बनाना है। यहां आने वाला हर पर्यटक, हर व्यापारी, हर पशुपालक बिहार के विकास में हिस्सेदार होगा।' उन्होंने कहा कि सोनपुर को अंतर्राष्ट्रीय मानकों तक ले जाना है। वहां आस्था भी होगी, व्यापार भी होगा और रोजगार भी होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनपुर मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है और इस मेले की ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखते हुए इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त विश्वस्तरीय आयोजन के रूप में विकसित करना है। 


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का सपना देखा है और नीतीश कुमार ने 2037 तक समृद्ध बिहार का लक्ष्य रखा है। इन दोनों सपनों को पूरा करने में सोनपुर जैसे धरोहर शहरों की सबसे बड़ी भूमिका होगी। अगले पांच साल में बिहार में 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाना है। इसके लिए सड़क, उद्योग, कृषि और रोजगार, हर मोर्चे पर काम चल रहा है। 

 

एयरपोर्ट, फोरलेन पुल और नारायणी पथ की बड़ी घोषणा

मुख्यमंत्री ने एक के बाद एक बड़ी घोषणाएं कर दीं। उन्होंने कहा, सोनपुर में दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनेगा। सुनते ही भीड़ में उत्साह की लहर दौड़ गई। साथ में आधुनिक टाउनशिप भी विकसित होगी। गंगा और गंडक से गाद निकाली जाएगी, ताकि बाढ़ का खतरा कम हो और नदियां फिर से जीवनदायिनी बनें। गंगा अंबिका पथ और सोनपुर से गोपालगंज तक नारायणी पथ बनेगा। इससे क्षेत्र में आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। अगले साल जून से पहले सोनपुर-हाजीपुर पुल दो लेन से फोरलेन हो जाएगा। 

1000 करोड़ से बदलेगी हरिहरनाथ मंदिर की तस्वीर

सबसे बड़ी घोषणा बाबा हरिहरनाथ मंदिर को लेकर हुई। मुख्यमंत्री ने कहा, बाबा के मंदिर का 1000 करोड़ रुपये से पुनर्विकास होगा। इतना सुनते ही श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव का उद्घोष कर दिया। मंदिर का नया स्वरूप ऐसा होगा कि अयोध्या और काशी की तरह सोनपुर भी दुनिया के नक्शे पर धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगा। गर्भगृह से लेकर परिक्रमा पथ, घाटों का सौंदर्यीकरण, पार्किंग, लाइट और श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था, सब कुछ विश्वस्तरीय होगा। 

इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और सोनपुर को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। इससे दुकानदारों, होटल वालों, ऑटो-टोटो वालों और छोटे व्यापारियों को साल भर काम मिलेगा। मेला अब एक महीने का नहीं, 12 महीने का रोजगार देगा। इस बार मेले में हाथी-घोड़े की खरीद-बिक्री के साथ हस्तशिल्प, लोक कला, थिएटर, सर्कस और जायकेदार खाने का बड़ा बाजार सजेगा। 

 

यह भी पढ़ें: PM-CM के पोस्टर फाड़े, 3 गिरफ्तार, RJD बोली- 'हमें बदनाम किया जा रहा है'

मेले में उमड़ा सैलाब, लोगों में जगी नई उम्मीद

उद्घाटन के बाद मेला क्षेत्र में ऐसा सैलाब उमड़ा कि पैर रखने की जगह नहीं बची। लोग बाबा के दर्शन कर मेले की गलियों में घूम रहे थे। किसी को हाथी देखना था, किसी को घोड़ा खरीदना था, तो कोई बच्चों के साथ झूले का मजा ले रहा था। कोई लिट्टी-चोखा का स्वाद ले रहा था, तो कोई हस्तशिल्प की दुकानों पर मोलभाव कर रहा था। स्थानीय व्यापारियों के चेहरे पर चमक थी। उनका कहना है कि अगर सीएम की घोषणाएं जमीन पर उतरीं तो सोनपुर की किस्मत बदल जाएगी। किसानों को उम्मीद है कि अब उनकी फसल को सही दाम मिलेगा, युवाओं को उम्मीद है कि अब नौकरी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

Related Topic:#bihar news

और पढ़ें