बिहार में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के साथ हाथापाई करने की कोशिश का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर हमले का वीडियो वायरल हुआ। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राजधानी पटना स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर मनोज भारती के साथ बदसलूकी की गई। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
वीडियो में दिख रहा है कि मनोज भारती कार की पिछली सीट पर बैठे हैं। तभी एक शख्स कार के पास पहुंचता है और उन पर हमला करने की कोशिश करता है। हालांकि वहां मौजूद अन्य लोग बीच-बचाव करने का प्रयास करते हैं। एक शख्स बार-बार कहता है, 'मारपीट नहीं... मारपीट नहीं।'
यह भी पढ़ें: CJP नेता सौरभ दास और आशुतोष रांका को जमानत, जेल से आए बाहर
थाने में दी घटना की सूचना
मामला यही नहीं थमता है। शख्स अगली सीट से कार के अंदर भी जाता है और मनोज भारती पर हमला करने का यहां भी प्रयास करता है। दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक वायरल वीडियो 15 दिन पुराना है। भारती ने पाटिलपुत्र थाने में एक सूचनात्मक आवेदन दिया है।
पुराना है वीडियो, अब हुआ वायरल
हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक मनोज भारती ने खुद वीडियो को पुराना बताया और कहा कि पुलिस के पास मामले की शिकायत दी थी। बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने जन सुराज अध्यक्ष प्रशांत किशोर को आड़े हाथों लिया। मारपीट मामले में उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक बानगी है। आगे-आगे देखिए और क्या-क्या होता है?
यह भी पढ़ें: केंद्र को घेरने के लिए विशेष सत्र ला रही पंजाब सरकार, इन मुद्दों पर होगा हंगामा?
कौन हैं मनोज भारती?
मधुबनी से आने वाले मनोज भारती आईआईटी कानपुर से पढ़े-लिखे हैं। यूपीएससी परीक्षा निकालने के बाद मनोज ने बतौर आईएफएस अधिकारी यूक्रेन, बेलारूस, इंडोनेशिया और तिमोर लेस्ते में भारत के राजदूत के तौर पर अपनी सेवाएं भी दीं। प्रशांत किशोर ने मनोज भारती को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया था। हालांकि अब उनके पास बिहार प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी है।