उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरु होने के साथ ही राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष
अखिलेश यादव
ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने पोस्ट के जरिए यह दावा किया है कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों की संख्या में लगातार गिरावट आ रही है। इसका सीधा और नकारात्मक असर वहां के स्थानीय कारोबारियों और अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा है कि उनकी सरकार आने के बाद वह अयोध्या को सनातन की वैश्विक राजधानी बनाएंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़े मामलों में हुई कथित गड़बड़ियों और अव्यवस्थाओं के कारण लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। इससे श्रद्धालुओं का आना कम हुआ है। उन्होंने वादा किया कि अगर उनकी सरकार आती है तो वह अयोध्या के मान-सम्मान को फिर से बहाल करेंगे। साथ ही मंदिर प्रबंधन को पूरी तरह पारदर्शी बनाएंगे।
यह भी पढ़ें: IPS वाई पूरन कुमार की बेटी को नहीं मिलेगी सरकारी नौकरी, वापस लिया दावा
'सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी'
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में अयोध्या के विकास और अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए कई बड़े वादे किए हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की कम होती संख्या से स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों को जो नुकसान हो रहा है, उसे दूर कर वहां के आर्थिक हालात सुधारे जाएंगे। राम मंदिर प्रशासन और व्यवस्थाओं में पूरी पारदर्शिता लाई जाएगी ताकि देश-विदेश के श्रद्धालुओं का विश्वास फिर से मजबूत हो सके।
उन्होंने कहा, 'अयोध्या नगरी के मान-सम्मान की पुनर्स्थापना के लिए हम वचनबद्ध हैं। राम-मंदिर की चोरी से आहत होकर जिस प्रकार अयोध्या आने वाले आस्थावान और श्रद्धालु दिन-प्रतिदिन कम होते जा रहे हैं, जिसका सीधा असर यहां की स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ा है, हम उसे सुधारेंगे भी और संवारेंगे भी। अयोध्या के मंदिर को पारदर्शी व्यवस्था देकर विश्वास की भी पुनर्स्थापना करेंगे। वर्ल्ड-क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर देकर हम अयोध्या को 'सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी' बनाएंगे।'
आगे उन्होंने कहा, 'हम एक ऐसी अयोध्या बनाएंगे, जहां कोई भी अहंकारी, तेल बटोरती किसी गरीब स्त्री या बच्चे-बच्ची को बेंत मारकर बेइज्जत और उत्पीड़ित नहीं करेगा। हम सरकार में आकर राशन में ‘तेल-घी’ भी देकर शरीर की पौष्टिक आवश्यकताओं को पूरा करेंगे।'
इसके अलावा उन्होंने अयोध्या को 'वर्ल्ड-क्लास' यानी विश्व स्तरीय बुनियादी सुविधाएं देने का भी वादा किया है। साथ ही आधुनिक सुविधाओं के जरिए अयोध्या को पूरी दुनिया के लिए 'सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी' के रूप में विकसित करने की बात कही गई है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में आज शुरू होगी क्रूज सेवा, कहां से कहां तक होगा सफर, कितने पैसे लगेंगे?
बीजेपी का पलटवार
बीजेपी के नेता और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उनका अयोध्या से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा, 'अखिलेश यादव का अयोध्या से कोई मतलब नहीं हैं। वे लोग कभी सत्ता में नहीं आएंगे। इसकी कोई संभावना नहीं है और उनके सपने कभी पूरे नहीं होंगे। वह बेशक यह सपना देख सकते हैं कि जब उनकी सरकार बनेगी तो वह सैफई जाकर डांस परफॉरमेंस देख सकते हैं।'