उत्तर प्रदेश के जिला बलिया में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुआडीह के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ताड़ के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दो युवकों को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दो अन्य ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। एक साथ चार युवकों की मौत से गौवापार गांव में मातम पसरा है। छठ पर्व की तैयारियों में जुटे परिवारों की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं।
जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच नगरा थाना क्षेत्र में हुआ। गौवापार गांव के युवक कार से नगरा आए थे। रात में घर लौटते समय उनकी कार नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुआडीह के पास पहुंची। इसी दौरान चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे खड़े ताड़ के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दो कारों के बीच आगे निकलने की होड़ की भी चर्चा
गौवापार गांव के आठ दोस्त दो अलग-अलग कारों से नगरा बाजार गए थे। लौटते समय दोनों कारों के बीच आगे निकलने की होड़ लग गई। इसी दौरान एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हालांकि, पुलिस की ओर से सामने आई जानकारी में हादसे की वजह कार का अनियंत्रित होना बताया गया है। तेज रफ्तार और चालक के नियंत्रण खोने के चलते यह दुर्घटना हुई।
यह भी पढ़ें: स्कूल में शर्मनाक हरकत, छात्राओं से कर रहा था छेड़छाड़, शिक्षक गिरफ्तार
अभिषेक और कुणाल को अस्पताल में मृत घोषित किया
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। कार में सवार अभिषेक पटेल, कुणाल पासवान, गोलू ठाकुर और धनंजय पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल पहुंचने पर अभिषेक और कुणाल को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, गंभीर हालत में गोलू और धनंजय को बेहतर इलाज के लिए मऊ ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान दोनों की भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में चारों दोस्तों की जान चली गई।
चार परिवारों में मचा कोहराम
मृतकों की पहचान अभिषेक पटेल, कुणाल पासवान, गोलू ठाकुर और धनंजय पटेल के रूप में हुई है। चारों की मौत की खबर जैसे ही उनके परिवारों तक पहुंची, घरों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में जिन घरों में छठ पर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। एक साथ चार युवकों की मौत से पूरे इलाके के लोग स्तब्ध हैं। परिवारों के लिए यह दुख ऐसा है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
यह भी पढ़ें: बाजार गया था पति, पीछे से मां ने 3 बेटियों के साथ ट्रेन के सामने कूद गई
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार के अनुसार, नगरा थाना क्षेत्र के निछुआडीह के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी। हादसे में कार सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।