logo

मूड

ट्रेंडिंग:

फरवरी में होनी थी शादी, मंदिर में दर्शन से पहले मिली मौत, 2 दोस्तों ने गंवाई जान

यूपी के बाराबंकी जिले में महादेव के दर्शन के लिए जा रहे दोस्तों की बाइक ट्रैक्टर- ट्राली से टकरा गई। 2 दोस्तों की मौत हो गई, वहीं तीसरा गंभीर रुप से घायल है।

Salemdra

मृतक शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी, शक्तिमान जोशी, Photo Credit : Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में महादेव के दर्शन के लिए निकले 3 दोस्तों को रास्ते में दर्दनाक हादसे ने घेर लिया। फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर दादनपुर गांव के पास उनकी बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। सबसे ज्यादा सवाल उस वक्त उठे, जब घायल युवक को जिला अस्पताल रेफर किए जाने के बाद भी करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। हालत बिगड़ने पर पुलिस ने अपने वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद अस्पताल में परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा और जमकर हंगामा हुआ।

 

फतेहपुर कस्बे के जोशी टोला निवासी शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी (22), शक्तिमान जोशी (19) और सचिन जोशी (21) रविवार रात बाइक से महादेव के दर्शन के लिए निकले थे। तीनों दोस्त साथ थे और धार्मिक यात्रा पर जा रहे थे। फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर दादनपुर गांव के पास उनकी बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

CHC पहुंचते ही एक युवक ने तोड़ा दम

सीएचसी में चिकित्सकों ने शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं शक्तिमान की हालत बेहद गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। तीसरे घायल सचिन का भी उपचार किया गया। शैलेंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद एक घायल को जल्द जिला अस्पताल ले जाने की तैयारी शुरू हुई।

 

यह भी पढ़ें: बंद कमरे में मिली तीन लोगों की लाश, मूक-बधिर कपल के अलावा तीसरी महिला कौन?

डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार, बिगड़ती गई हालत

परिजन और चिकित्सकों ने गंभीर घायल शक्तिमान को जिला अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस को कई बार फोन किया। आरोप है कि करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इस दौरान शक्तिमान की हालत लगातार बिगड़ती रही। एंबुलेंस के इंतजार में परिजनों और उनके साथ आए लोगों का गुस्सा बढ़ गया। अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने अपने वाहन से शक्तिमान को जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

दोस्तों की मौत से अस्पताल में मची चीख-पुकार

एक के बाद एक दो युवकों की मौत की खबर से अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। लोगों ने एंबुलेंस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारों पर लापरवाही का आरोप लगाया। मामले की जानकारी मिलने पर तहसीलदार वैशाली अहलावत, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश और अनु सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझाया और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।

फरवरी में होनी थी शैलेंद्र की शादी

हादसे में जान गंवाने वाले शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी के पिता दयाशंकर जोशी नगर पंचायत में नामित सभासद हैं। तीन भाइयों में शैलेंद्र दूसरे नंबर का था। उसकी शादी तय हो चुकी थी और फरवरी में विवाह होना था। शैलेंद्र एक निजी बैंक में नौकरी करता था।जिस घर में कुछ महीनों बाद शादी की तैयारियां होनी थीं, वहां अब मातम पसरा है।

बेटे की मौत की खबर ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया। दूसरा मृतक शक्तिमान जोशी पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसके बड़े भाई बंटी और विष्णु हैं, जबकि छोटे भाई शिवम और लवकुश हैं। शक्तिमान की मौत से उसके परिवार में भी कोहराम मचा हुआ है। हादसे में घायल तीसरे युवक सचिन जोशी का उपचार चल रहा है। उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और ट्रैक्टर-ट्रॉली से हुई टक्कर के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: यूपी में BJP का मिशन 2027 शुरू, 6 नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी

हादसे से ज्यादा एंबुलेंस की देरी ने उठाए सवाल

इस घटना में दो युवकों की मौत के बाद अब एंबुलेंस व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का कहना है कि गंभीर घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाया जाता तो शायद स्थिति अलग हो सकती थी। जिम्मेदारी और मौत के कारणों को लेकर आधिकारिक जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

महादेव के दर्शन के लिए निकले तीन दोस्तों की यह यात्रा दो परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई। एक तरफ सड़क हादसे ने दो घरों के चिराग बुझा दिए, तो दूसरी तरफ घायल को अस्पताल पहुंचाने में हुई कथित देरी ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Topic:#UP News

और पढ़ें