logo

मूड

ट्रेंडिंग:

बंद कमरे में मिली तीन लोगों की लाश, मूक-बधिर कपल के अलावा तीसरी महिला कौन?

UP के प्रयागराज में एक बंद कमरे से तीन लाशें मिलने से हड़कंप मच गया है। इन तीनों में से दो तो पति-पत्नी और मूक-बधिर हैं। तीसरी महिला के बारे में छानबीन की जा रही है।

representative image of a crime scene

प्रतीकात्मक फोटो, Photo Credit: ChatGPT

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मंगलवार को ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई। शाहगंज थाना क्षेत्र के गढ़ी कला इलाके में एक किराए के मकान से पति-पत्नी और एक अन्य महिला के शव बरामद होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में तीनों की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतकों के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं जबकि तीनों मूक-बधिर बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

 

सुबह करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने मकान के अंदर तीन शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शाहगंज पुलिस, फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए गए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी गई।पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतकों में एक पति-पत्नी हैं, जबकि तीसरी महिला की पहचान और उनसे संबंध का अभी तक पता नहीं चल सका है। तीनों की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों और स्थानीय सूत्रों से जानकारी जुटाकर उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।

कूड़ा बीनकर चलता था परिवार का गुजारा

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह परिवार लंबे समय से गढ़ी कला इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। तीनों कूड़ा बीनकर अपना जीवनयापन करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार तीनों मूक-बधिर थे और बेहद साधारण जीवन जीते थे। इसी वजह से उनकी ज्यादा लोगों से बातचीत भी नहीं होती थी। जांच के दौरान मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि यह परिवार पहले भी इसी मकान में रह चुका था। करीब दो-ढाई साल पहले कमरा छोड़कर कहीं चला गया था और बाद में फिर लौटकर उसी मकान में रहने लगा। हैरानी की बात यह है कि मकान मालिक के पास भी उनका कोई आधार कार्ड, पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज मौजूद नहीं है, जिससे उनकी पहचान में मुश्किल आ रही है।

 

यह भी पढ़ें: हत्यारे को 34 साल ढूंढती रही पुलिस, राशन कार्ड, आधार सब बनता रहा, अब हो गई मौत

 

फोरेंसिक टीम की शुरुआती जांच में तीनों शवों पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस का मानना है कि मामला सामान्य मौत का नहीं बल्कि हत्या का है। हालांकि, हत्या किस वजह से की गई और इसमें कितने लोग शामिल थे, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।

लूटपाट नहीं, आपसी विवाद की ओर इशारा

पुलिस की शुरुआती जांच में घर से किसी बड़ी लूटपाट के संकेत नहीं मिले हैं। सामान भी बिखरा हुआ नहीं मिला। ऐसे में पुलिस प्रथम दृष्टया किसी आपसी विवाद, रंजिश या व्यक्तिगत कारण को हत्या की वजह मानकर जांच आगे बढ़ा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है।वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही इलाके के लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि घटना से पहले या बाद में मकान के आसपास कौन-कौन लोग आए थे। पुलिस मृतकों के संपर्क में रहने वाले लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

 

यह भी पढ़ें: नेपाल हिंसा के बाद UP हाई अलर्ट पर, हजारों गांवों में बढ़ाई गई चौकसी

 

डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। तीनों मृतक मूक-बधिर हैं और फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए कई टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

Related Topic:#UP News#Crime News

और पढ़ें