logo

मूड

ट्रेंडिंग:

नेपाल हिंसा के बाद UP हाई अलर्ट पर, हजारों गांवों में बढ़ाई गई चौकसी

नेपाल में हुई हिंसा के बाद यूपी के सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सीमा पर मौजूद गांवों में भी सघन चेकिंग की जा रही है।

nepal border security

नेपाल बार्डर पर सुरक्षा बलों से जानकारी करते पुलिस अधिकारी, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

नेपाल के तराई क्षेत्र में भड़की सांप्रदायिक हिंसा और लगातार हो रही हिंसक झड़पों के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने नेपाल से लगने वाली 579 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। सीमा से लगे 1047 गांवों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और खुफिया एजेंसियों को चौबीसों घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सीमावर्ती जिलों में चेकिंग बढ़ा दी गई है और जंगलों, पगडंडियों व वैकल्पिक रास्तों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।


नेपाल में हालात बिगड़ने के बाद प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने सीमावर्ती जिलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सीमा पार से किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध घुसपैठ या असामाजिक तत्वों की आवाजाही रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त अभियान चला रही हैं।

सात जिले अलर्ट पर, 1047 गांवों में बढ़ाई गई चौकसी

हाई अलर्ट के दायरे में पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज जिले शामिल हैं। इन जिलों से लगे 1047 गांवों में पुलिस और एसएसबी की अतिरिक्त तैनाती की गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है और स्थानीय पुलिस को हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। सीमा से गुजरने वाले दोपहिया, कार, बस और व्यावसायिक वाहनों की सघन जांच की जा रही है। सभी यात्रियों की पहचान सत्यापित की जा रही है। केवल अधिकृत सीमा पार मार्गों पर ही नहीं, बल्कि जंगलों, कच्चे रास्तों और पगडंडियों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अवैध आवाजाही को रोका जा सके।

 

यह भी पढ़ें: 4200 करोड़ का लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे 19 दिन में 3 बार क्यों धंसा?

बलरामपुर, पीलीभीत और सिद्धार्थनगर में विशेष सतर्कता

बलरामपुर जिले के कोइलाबास बॉर्डर, जरवा और पचपेड़वा थाना क्षेत्र के 46 गांवों को विशेष निगरानी में रखा गया है। वहीं पीलीभीत के पूरनपुर और माधोटांडा सेक्टर में एसएसबी और पुलिस की संयुक्त गश्त तेज कर दी गई है। सिद्धार्थनगर में अलीगढ़वा, ककरहवा, लोटन और खुनवा सहित प्रमुख बॉर्डर ट्रांजिट प्वाइंट्स पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

 

बहराइच में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने एसएसबी अधिकारियों और ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। सभी सीमावर्ती जिलों में स्थानीय प्रशासन को ग्रामीणों के साथ समन्वय बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।

नेपाल पुलिस से भी बढ़ाया गया तालमेल

सीमा पर हालात पर नजर रखने के लिए एसएसबी और नेपाल की आर्म्ड पुलिस फोर्स के बीच समन्वय बढ़ाया गया है। दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां रियल टाइम सूचना साझा कर रही हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। अधिकारियों के अनुसार नेपाल में हिंसा के बाद सीमा पार सामान्य आवाजाही भी कम हो गई है।

 

यह भी पढ़ें: UP के महराजगंज में बड़ा हादसा, तालाब में नहाने गए 3 किशोरों की डूबकर मौत

नेपाल में हिंसा के बाद बढ़ी चिंता

नेपाल के तराई क्षेत्र में धार्मिक विवाद के बाद शुरू हुई हिंसा में कई लोग घायल हुए हैं और पुलिस कार्रवाई में एक युवक की मौत भी हुई है। हालात को देखते हुए वहां कई इलाकों में कर्फ्यू और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। इसी घटनाक्रम के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने एहतियातन नेपाल सीमा से लगे पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और चौकसी कई गुना बढ़ा दी है।

Related Topic:#UP News#Nepal News

और पढ़ें