पश्चिम बंगाल में संदेशखाली आंदोलन से चर्चा में आई भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की विधायक रेखा पात्रा की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। फिलहाल उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है। हिंगलगंज से बीजेपी विधायक को सबसे पहले बशीरहाट सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया था लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए बाद में एक प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। डॉक्टरों की जांच में यह बात सामने आई है कि उनके शरीर में पेस्टिसाइड मिला है। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस जांच में तेजी कर दी गई है।
अस्पताल में भर्ती रेखा पात्रा की स्थिति चिंताजनक है। इस बीच, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, मुख्यमंत्री लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें: धूल के कारण रास्ता नहीं दिखा, ट्रेनिंग के दौरान जवानों पर चढ़ा टैंक, 2 की मौत
क्या है पूरा मामला?
यह मामला 21 नवंबर यानी शनिवार की दोपहर करीब 1 बजे सामने आया जब रेखा पात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। शुरुआती तौर पर घरवालों और करीबियों को लगा कि उन्हें फूड पॉइजनिंग हुई है। लेकिन जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया और ICU में भर्ती कर जांच की गई तो शरीर में कीटनाशक होने का पता चला। अब पुलिस इस मामले को सुलझाने में जुटी है कि आखिर उनके शरीर में कीटनाशक कैसे चला गया। इस मामले में हर पहलू से जांच की जा रही है।
आपको बता दे कि संदेशखाली आंदोलन के बाद रेखा पात्रा चर्चा में आई थी। कहा जाता है कि इसके बाद ही इनके कई दुश्मन बन गए थे। खासतौर पर पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं उन्हें मारने की कोई साजिश तो नहीं रची गई है। घटना से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने के लिए पुलिस उनके परिवार और आसपास रहने वाले करीबियों से भी पूछताछ कर रही है।
कौन हैं रेखा पात्रा?
रेखा पात्रा पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक जाना-माना चेहरा हैं। इन्होंने आम महिला से विधायक बनने तक का सफर तय किया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के शासनकाल में संदेशखाली में महिलाओं पर हो रहे कथित अत्याचारों के खिलाफ उन्होंने खुलकर आवाज उठाई थी। उन्होंने इलाके के दबंग TMC नेता शेख शाहजहां के खिलाफ मोर्चा खोला था। शेख शाहजहां पर महिलाओं के उत्पीड़न, जमीन हड़पने और जबरन वसूली जैसे गंभीर आरोप थे। रेखा पात्रा की अगुआई में हुए महिलाओं के जोरदार प्रदर्शन के बाद ही उस पर कार्रवाई हुई और बाद में जेल जाना पड़ा।
इस आंदोलन के बाद रेखा पात्रा बीजेपी में शामिल हो गईं। पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें बशीरहाट सीट से मैदान में उतारा। हालांकि वहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने हिंगलगंज सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचीं।
यह भी पढ़ें: आतंकी लतीफ भट की मौत पर बदला लेने की धमकी, लश्कर के नाम से आया बम धमाके का ईमेल
अपनी ही पार्टी से चल रही थी नाराजगी
खबरों के मुताबिक, रेखा पात्रा पिछले कुछ समय से अपनी ही पार्टी के स्थानीय नेतृत्व से खुश नहीं थीं। उन्होंने कई मौकों पर जिला स्तर के बीजेपी पदाधिकारियों के कामकाज को लेकर खुलकर असंतोष जताया था। उनका आरोप था कि पार्टी के भीतर उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने संगठन के अंदरूनी माहौल पर भी सवाल खड़े किए थे।