कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में क्विक कॉमर्स कंपनी जेप्टो के एक गोदाम को सील कर दिया गया। जब कर्नाटक के फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारी जेप्टो के गोदाम में जांच के लिए पहुंचे तो वहां फूड प्रोडक्ट्स के साथ पूरे गोदाम में कचरा बिखरा हुआ था। अधिकारियों ने देखा कि गोदाम में जगह-जगह खाली कार्डबोर्ड के डिब्बे, खाली बोतलें और रैपर पड़ा हुआ था, जिस वजह से पूरा गोदाम बेहद गंदी हालत में था। इसी वजह से फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों ने गोदाम पर ताला लगा दिया। गोदाम को सील करने के साथ ही कंपनी को नोटिस भेजा गया।
बेंगलुरु में फूड सेफ्टी अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत बेंगलुरु के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के अधिकारियों ने जेप्टो के गोदाम में 11 अगस्त को जांच की थी। अधिकारियों को जांच के दौरान न सिर्फ कचरे का ढेर मिला, बल्कि खाने-पीने की चीजों में लेबलिंग और स्टोरेज से जुड़े नियमों का उल्लंघन भी देखने को मिला। इससे पहले 10 अगस्त को फूड सेफ्टी विभाग ने स्काई होटल को सील किया था।
यह भी पढ़ें: कुल्लू में नदी-नालों के किनारे मंडराया खतरा, जलविद्युत परियोजनाएं छोड़ेंगी पानी
गोदाम में मिला कचरे का भंडार
कर्नाटक के फूड सेफ्टी विभाग ने जेप्टो के गोदाम में खाने-पीने की चीजों की क्वालिटी की जांच की थी, जिसमें खाने-पीने की चीजें गंदी जगह पर रखी हुई मिलीं। इसके साथ ही अधिकारियों ने बताया कि पूरे गोदाम में गंदगी देखने को मिली थी। जहां जमीन पर प्लास्टिक की खाली बोतलें, खाली कार्डबोर्ड के डिब्बे और रैपर पड़े हुए थे।
जेप्टो कंपनी की यह लापरवाही देखने के बाद कर्नाटक सरकार ने चेतावनी दी। सरकार ने साफ तौर पर बता दिया कि अगर खाने-पीने की चीजों का सही तरीके से रखरखाव नहीं किया गया तो कंपनी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह पहला मामला नहीं है जब फूड सेफ्टी विभाग ने गंदगी मिलने के बाद किसी जगह को सील किया हो। इससे पहले एक रेस्टोरेंट को भी सील किया गया था।
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु में अपने ही बेटियों को क्यों बाप ने मार डाला? चिट्ठी में खुला राज
रेस्टोरेंट पर लगा था ताला
फूड सेफ्टी विभाग 10 अगस्त को बेंगलुरु के कुछ नामी रेस्टोरेंट की फूड क्वालिटी की जांच करने गया था, जहां अधिकारियों ने 132 किलो खाने-पीने की चीजों को जब्त किया था क्योंकि वे चीजें एक्सपायर हो चुकी थीं। साथ ही, स्काई होटल के किचन की जांच करने के बाद होटल को सील कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, इस होटल में सड़ा हुआ चिकन मिला था।