कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक मॉल में जूस काउंटर को फूड सेफ्टी विभाग ने बंद कर दिया। पीवीआर आईनॉक्स (PVR INOX) के जूस काउंटर के खिलाफ आरोप लगा है कि वहां डिस्पोजेबल कप का दोबारा इस्तेमाल किया जा रहा था। कुछ दिनों पहले एक शख्स ने जूस काउंटर का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो में दिखाया गया कि गंदे डिस्पोजेबल कप में कोल्ड ड्रिंक दी जा रही थी। शख्स ने दावा किया कि डिस्पोजेबल कप का दोबारा इस्तेमाल किया जा रहा था। पीवीआर के अधिकारियों ने शख्स के दावों को नकार दिया। उन्होंने कहा कि डिस्पोजेबल कप लीक कर रहे थे, इस वजह से कपों को अलग रखा गया था। वीडियो वायरल होने के बाद फूड सेफ्टी विभाग ने जांच-पड़ताल की और जूस काउंटर बंद करा दिया।
यह घटना बेंगलुरु के कनकपुरा रोड पर स्थित फोरम मॉल की है, जहां पीवीआर के जूस काउंटर के स्टाफ पर डिस्पोजेबल ग्लास का दोबारा इस्तेमाल करने का आरोप लगा है। 5 नवंबर को मिथिल कुमार नाम के शख्स ने इंस्टाग्राम पर जूस काउंटर का वीडियो शेयर किया था। वीडियो देखने के बाद लोगों ने जूस काउंटर पर सवाल उठाए थे। इस मामले को लेकर कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री ने भी बयान दिया। उन्होंने बताया कि लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए जूस काउंटर को बंद कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: MP राज्यसभा उपचुनाव में 2 उम्मीदवारों के पर्चे खारिज, हरदीप सिंह की जीत तय
PVR ने दी सफाई
वीडियो वायरल होने के बाद पीवीआर इनॉक्स के अधिकारियों ने कहा कि वे अपने काम में साफ-सफाई का ध्यान रखते हैं। वीडियो में जिन कपों को दिखाया जा रहा था, वे असल में खराब थे। इन कपों से कोल्ड ड्रिंक टपक रही थी। इस कारण इन कपों को अलग रखा गया था। किसी भी कप का दोबारा इस्तेमाल नहीं किया गया था।
View on Instagram
इसके अलावा फोरम मॉल के अधिकारियों ने मिथिल कुमार के वीडियो को लेकर कहा, 'आपको जो भी परेशानी हुई, उसके लिए हम माफी चाहते हैं। इस मामले को लेकर जांच-पड़ताल की जा रही है।'
यह भी पढ़ें: जहरीली शराब कांड के बाद SP के पद से हटाए गए, अनुराग सुजानिया ने दे दिया इस्तीफा
क्या बोले स्वास्थ्य मंत्री?
इस मामले को लेकर कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद फूड सेफ्टी के अधिकारियों ने जांच की थी। जांच-पड़ताल में अधिकारियों ने पाया कि जूस काउंटर के स्टाफ ने स्वच्छता से जुड़े नियम तोड़े थे। इस वजह से जूस काउंटर को बंद किया गया। साथ ही कंपनी को नोटिस भी भेजा गया है।