कर्नाटक के बेंगलुरु शहर के बाहरी इलाके नेलमंगला में 70 वर्षीय महिला की घर के भीतर गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के समय उनका पैरालाइज्ड पति पास ही बिस्तर पर लेटा था और उसे घटना की भनक तक नहीं लगी। पुलिस ने 36 वर्षीय शिवकुमार को गिरफ्तार किया है, जिस पर हत्या के बाद करीब 65 लाख रुपये के सोने के गहने लूटने का आरोप है। मृतका शोभा अपने पति रंगनाथ के साथ कोटे बेदी इलाके में रहती थीं।
दंपती की कोई संतान नहीं थी। रंगनाथ पिछले 15 वर्षों से पैरालाइज्ड हैं और बिस्तर पर ही रहते हैं। घटना का खुलासा तब हुआ जब रंगनाथ को फिजियोथेरेपी देने पहुंचे डॉक्टर ने शोभा को खून से लथपथ मृत अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में आरोपी शिवकुमार रात करीब 1:03 बजे घर में घुसता दिखाई दिया। आरोप है कि उसने शोभा का गला रेत दिया और फिर घर में नकदी की तलाश की। नकदी नहीं मिलने पर उसने उनके पहने हुए सोने के गहने चेन, कंगन और अन्य आभूषण उतार लिए। बताया जा रहा है कि शोभा ने करीब 450 ग्राम सोना पहन रखा था, जिसकी कीमत लगभग 65 लाख रुपये आंकी गई है।
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम: स्कूल ने 11 छात्रों का रोका एडमिट कार्ड, नहीं दे पाए एग्जाम; केस दर्ज
रजिस्ट्रेशन नंबर से खुला राज
जांच में यह भी सामने आया है कि शोभा एक ज्वेलरी कारोबारी की बेटी थीं। वारदात के बाद आरोपी को सीसीटीवी में मोटरसाइकिल से भागते हुए देखा गया। पुलिस ने आसपास लगे कैमरों की मदद से बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर ट्रेस किया, जिससे आरोपी की पहचान हुई। सूत्रों के अनुसार, शिवकुमार शुरुआती जांच के दौरान भीड़ में आम दर्शक बनकर घटनास्थल पर दोबारा आया था ताकि शक से बच सके। बाद में वह अपनी एक्टिवा स्कूटर से घर लौट गया। पुलिस ने गाड़ी की रजिस्ट्रेशन डीटेल्स के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: जहरीले लड्डू, शराब, कोल्ड ड्रिंक; दिल्ली के ट्रिपल मर्डर केस में तांत्रिक एंगल
आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह जांच की जा रही है कि क्या इस अपराध में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है। लूटे गए गहनों की बरामदगी और सत्यापन की प्रक्रिया जारी है।