बिहार में बेतिया पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मझौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कार से 1 क्विंटल 18 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त गांजा की कीमत करीब 4 लाख 732 रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार के मुताबिक, गिरफ्तार चालक की पहचान श्यामू यादव के रूप में हुई है, जो बलथर का रहने वाला है। पुलिस चालक के बयान और उसकी निशानदेही पर फरार तस्करों की पहचान करने में जुटी है।
यह भी पढ़ें: AMU में डेटिंग ऐप से हनीट्रैप का खेल, BBA छात्र अरेस्ट,15 से ज्यादा वीडियो मिले
आरोपी सिकटा से सरिसवा ले जा रहे थे गांजा
बताया जा रहा है कि गांजा तस्कर सिकटा की ओर से सफेद रंग की कार संख्या BR 01 CF 1200 में गांजा लोड कर सरिसवा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने रक्सौल LTF यानी लिकर टास्क फोर्स की टीम को इसकी सूचना दे दी। सूचना मिलते ही LTF के जवान संभावित कार की तलाश में जुट गए। सुगौली मेन रोड में LTF की गाड़ी को देखकर तस्कर घबरा गए और कार को तेज रफ्तार में भगाने लगे। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने मेन रोड छोड़ दिया और कच्ची सड़क से भागने लगे।
कच्ची सड़क के कीचड़ में फंसी कार
बीती रात हुई बारिश के कारण कच्ची सड़क पूरी तरह से गीली हो गई थी। धोकरहा पंचायत के वार्ड नंबर-2 नुनिया टोला में बांसवारी के पास कार कीचड़ में फंस गई। तस्करों ने काफी कोशिश की, लेकिन कार का इंजन स्टार्ट नहीं हुआ। इसी बीच पीछा कर रही LTF की टीम भी मौके पर पहुंच गई। खुद को घिरता देख तस्कर कार छोड़कर अंधेरे में फरार हो गए, कार चालक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें 10 बोरियों में भरा हुआ 1 क्विंटल 18 किलो 300 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ मिला।
यह भी पढ़ें: कितने बजे से शुरू होगा IND vs AFG पहला टी20, मोबाइल पर कैसे दिखेगा? हर डिटेल
LTF की सूचना पर हरकत में आई मझौलिया पुलिस
LTF की सूचना पर मझौलिया पुलिस तुरंत हरकत में आई। एसआई कुमारी पार्वती, एसआई जितेंद्र कुमार और राजीव रंजन प्रसाद मौके पर पहुंचे और गांजे का वजन कराया। पुलिस पूरे माल को अनलोड कर थाने ले गई। तस्करों की कार नुनिया टोली बांसवारी में ही पुलिस संरक्षण में खड़ी थी। उसे टोचन कर थाने लाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मझौलिया थाना क्षेत्र इन दिनों गांजा तस्करों का सेफ जोन बनता जा रहा है। नेपाल से सटे होने के कारण यहां से गांजा तस्करी आसान हो गई है। तस्कर सिकटा, सुगौली और रक्सौल के रास्ते गांजा लाकर बेतिया और अन्य जिलों में सप्लाई करते हैं।