logo

मूड

ट्रेंडिंग:

बांका में बालू माफियाओं का आतंक, पुलिस टीम पर हमला, तोड़ दी JCB

बांका में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई पुलिस और खनन टीम पर हमला किया गया। मामले में 28 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

AI generated image

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit- Gemini

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार के बांका जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई खनन टीम और पुलिस पर हमला कर दिया गया। लकड़ीकोला इलाके में 30 से 40 की संख्या में जुटे बालू माफियाओं और उनके समर्थकों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से टीम पर हमला किया। इस दौरान पुलिस की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए। खनन विभाग के वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई और ट्रैक्टर निकालने के लिए लाई गई जेसीबी को भी तोड़ दिया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। खनन विभाग ने बांका थाना में 28 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। साथ ही अवैध खनन से हुई राजस्व क्षति के लिए 4 लाख 24 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

 

जानकारी के अनुसार, बांका थाना क्षेत्र के लकड़ीकोला इलाके में चांदन नदी घाट पर अवैध बालू खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत थी कि रात के अंधेरे में ट्रैक्टरों से बालू का अवैध उठाव कर बाजार में बेचा जा रहा है। इसी शिकायत के आधार पर जिला खनन पदाधिकारी के निर्देश पर खनन टीम और बांका पुलिस की संयुक्त टीम ने नदी घाट पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से अवैध खनन में लगे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया। दोनों ट्रैक्टरों पर बालू लदा हुआ था। टीम ने नियमानुसार वीडियोग्राफी की और दोनों वाहनों को जब्त कर थाने लाने की कार्रवाई शुरू की।

 

यह भी पढ़ें: 'सत्ता पक्ष के इशारे पर तेजस्वी को निशाना बना रहे पप्पू और PK', RJD ने लगाए आरोप

टीम पर किया अचानक हमला

पुलिस के अनुसार, जब जब्त ट्रैक्टरों को नदी घाट से थाने लाया जा रहा था तभी वाहन चालकों ने दोनों ट्रैक्टरों को जानबूझकर रास्ते में कीचड़ में फंसा दिया। आरोप है कि ऐसा समय निकालकर अपने लोगों को बुलाने के लिए किया गया। फंसे हुए ट्रैक्टरों को निकालने के लिए टीम ने जेसीबी मंगवाई। जेसीबी से ट्रैक्टर निकालने की कोशिश की जा रही थी तभी अचानक 30 से 40 की संख्या में बालू माफिया और उनके समर्थक लाठी-डंडे और पत्थर लेकर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने टीम को घेर लिया और हमला कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और खनन टीम पर पत्थर और डंडे चलाए गए।

 

हमले में बांका थाना की पुलिस गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा। हमलावरों ने गाड़ी के आगे और पीछे के शीशे तोड़ दिए। खनन टीम के वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। ट्रैक्टर निकालने के लिए लाई गई जेसीबी को भी तोड़ दिया गया। आरोप है कि इस दौरान जेसीबी चालक के साथ मारपीट की गई और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह खुद को बचाया और वरीय अधिकारियों को सूचना दी। भीड़ का फायदा उठाकर ट्रैक्टर चालक भी मौके से फरार हो गए।

 

यह भी पढ़ें: प्रशांत किशोर की मुसलमानों से अपील- खुद राजनीति में आगे आएं, दूसरे के पीछे न चले

28 लोगों की हुई पहचान

घटना के बाद खनन टीम ने मौके पर की गई वीडियोग्राफी और स्थानीय लोगों की मदद से हमलावरों की पहचान शुरू की। शुरुआती जांच में 28 नामजद बालू माफियाओं की पहचान की गई है। इनके अलावा कई अज्ञात लोगों के खिलाफ भी बांका थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

 

खनन विभाग ने अवैध खनन से सरकार को हुए नुकसान का हिसाब लगाकर 4 लाख 24 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। मामले को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी टीम पर हमला गंभीर मामला है। अवैध खनन और सरकारी कर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


और पढ़ें