बिहार के जमुई जिले के सोनो चौक पर बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। स्कूल जा रही एक वैन में रखी बैटरी में अचानक ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट के बाद वैन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में 6 बच्चे झुलस गए जिनमें दो की हालत गंभीर बताई गई। दोनों बच्चों के पैर बुरी तरह झुलस गए हैं।
घटना सुबह करीब 8 बजे की है। स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चों को वैन से बाहर निकाला और निजी अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे को लेकर अभिभावकों में स्कूल प्रशासन और वैन संचालक के खिलाफ गुस्सा है।
हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चों की पहचान अंकित कुमार और लवकुश कुमार के रूप में हुई है। अंकित कक्षा दो का छात्र है। उसके पिता का नाम प्रमोद दास है। वहीं लवकुश कुमार कक्षा तीन में पढ़ता है। दोनों नीमाटील्हा इलाके के रहने वाले हैं और सेंट जेवियर्स हाई स्कूल में पढ़ते हैं।
यह भी पढ़ें: बिहार: कोसी-सोन से घटने लगा पानी, बाढ़ से राहत, 14 जिलों में सबसे ज्यादा खतरा
दोनों बच्चों के पैर बैटरी के गर्म पानी और तेजाब से झुलस गए हैं। डॉक्टरों ने बताया कि दोनों खतरे से बाहर हैं लेकिन उन्हें इलाज की जरूरत है। वहीं मामूली रूप से घायल चार अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन घर ले गए। घायल छात्र अंकित कुमार ने बताया कि वह वैन में सीट पर बैठा था। सीट के नीचे बैटरी रखी हुई थी। अचानक बैटरी में ब्लास्ट हो गया और गर्म पानी उसके पैरों पर आ गया।
वैन में ज्यादा बच्चे बैठे थे
हादसे के बाद स्कूली वैन में बरती जा रही लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वैन में करीब 12 बच्चों के बैठने की क्षमता थी लेकिन हादसे के समय उसमें करीब 22 बच्चे बैठे थे। वैन में सुरक्षा के भी पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। बैटरी को सीट के नीचे खुले में रखा गया था। उसे कवर नहीं किया गया था और न ही बच्चों से दूर रखा गया था। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन कम खर्च में पुरानी गाड़ियों से बच्चों को स्कूल लाते और ले जाते हैं।
अंकित की मां ने बताया कि सुबह रोज की तरह उनका बच्चा स्कूल जाने के लिए वैन में बैठा था। कुछ देर बाद फोन आया कि वैन में आग लग गई है। वह तुरंत मौके पर पहुंचीं। वहां आग तो नहीं थी लेकिन उनके बच्चे के दोनों पैर झुलस गए थे। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रशासन से कई बार अच्छी गाड़ी लगाने के लिए कहा गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि पुरानी गाड़ी के कारण ही यह हादसा हुआ।
यह भी पढ़ें: सीवान में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट, विरोध पर कारोबारी को मारी गोली
पुलिस ने वैन जब्त की
घटना की सूचना मिलते ही सोनो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बैटरी के गर्म पानी से दो बच्चों के पैर झुलसे हैं। दोनों बच्चे खतरे से बाहर हैं। पुलिस ने वैन को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद अभिभावकों में काफी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि जमुई और सोनो इलाके में कई स्कूल पुरानी वैनों से बच्चों को लाते-ले जाते हैं। इन वैनों में न तो फायर सेफ्टी का इंतजाम होता है और न ही बच्चों की संख्या का ध्यान रखा जाता है। लोगों का आरोप है कि ज्यादा पैसे कमाने के लिए क्षमता से ज्यादा बच्चों को बैठाया जाता है।