logo

मूड

ट्रेंडिंग:

बिहार: अशोक चौधरी ने असिस्टेंट प्रोफेसर पद से इस्तीफा दिया, नियुक्ति पर था विवाद

बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने एएन कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद से इस्तीफा दे दिया है। मंत्री और MLC रहते हुए उनकी नियुक्ति पर लाभ के पद को लेकर सवाल उठे थे।

An Image of  Bihar Minister Ashok Choudhary

बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी, Photo Credit- Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार सरकार में मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेता डॉ. अशोक चौधरी ने एएन कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय को भेजा है। शनिवार को विश्वविद्यालय की सिंडिकेट बैठक में इसे मंजूरी दिए जाने की बात कही गई है। अशोक चौधरी ने 17 फरवरी 2026 को पटना के एएन कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर का पद संभाला था। वह कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग में नियुक्त हुए थे। हालांकि, इस नियुक्ति को लेकर विवाद शुरू हो गया था। अशोक चौधरी पहले से बिहार सरकार में मंत्री और विधान परिषद के सदस्य (MLC) हैं। ऐसे में उनके एक साथ तीन पदों पर रहने को लेकर सवाल उठे थे।

 

लोकभवन ने भी उनकी नियुक्ति पर आपत्ति जताई थी। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सवाल उठाए थे। विवाद उनके अवैतनिक अवकाश यानी लियन को लेकर भी था। मामला लाभ के पद से जुड़ा था। इससे उनकी विधान परिषद की सदस्यता पर भी सवाल उठने लगे थे। माना जा रहा है कि इसी विवाद के बीच उन्होंने असिस्टेंट प्रोफेसर का पद छोड़ने का फैसला किया है।

ज्वाइन करने के अगले दिन छुट्टी पर गए

डॉ. अशोक चौधरी ने 17 फरवरी 2026 को पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के अधीन एएन कॉलेज में राजनीति विज्ञान के असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में योगदान दिया था। हालांकि, पद संभालने के अगले ही दिन उन्होंने मंत्री और एमएलसी के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए अवैतनिक अवकाश का आवेदन दे दिया। इस तरह वह कॉलेज में योगदान देने के बाद पढ़ाने के लिए नहीं गए और छुट्टी पर चले गए। उन्होंने इसके लिए लियन की मांग की थी। लियन का मतलब है कि कोई कर्मचारी दूसरे पद पर काम करते हुए भी अपनी मूल नौकरी पर लौटने का अधिकार बनाए रख सकता है।

यूनिवर्सिटी ने लियन का आवेदन खारिज किया

अशोक चौधरी के अवैतनिक अवकाश के आवेदन को पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के सिंडिकेट के सामने रखा गया था। 19 अगस्त को हुई बैठक में सिंडिकेट ने बिहार विश्वविद्यालय अधिनियम के नियमों का हवाला देते हुए उनके आवेदन को मंजूरी नहीं दी। इसके बाद विश्वविद्यालय ने इस मामले में मार्गदर्शन के लिए लोकभवन को प्रस्ताव भेजा। नियमों के मुताबिक, प्रोबेशन यानी परिवीक्षा अवधि में असिस्टेंट प्रोफेसर को लियन की सुविधा मिलने पर सवाल उठाए गए। इसी आधार पर उनके आवेदन को मंजूरी देने से इनकार किया गया था।

 

यह भी पढ़ें: 'क्या सिर्फ हम ही जाएंगे जेल?', सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आनंद मोहन का दर्द छलका

लोकभवन ने लाभ के पद पर उठाए सवाल

इस मामले में लोकभवन ने 31 अक्टूबर को एक टिप्पणी जारी की थी। इसमें कहा गया था कि प्रोबेशन अवधि में होने के कारण अशोक चौधरी लियन के हकदार नहीं हैं। साथ ही, उनके असिस्टेंट प्रोफेसर पद को लाभ का पद मानते हुए यह सवाल उठाया गया कि मंत्री और एमएलसी रहते हुए वह इस पद पर कैसे बने रह सकते हैं। लोकभवन ने बिहार के महाधिवक्ता एसडी संजय से भी कानूनी राय मांगी थी। राजभवन की आपत्ति के मुताबिक, किसी पद से वेतन नहीं लेने भर से वह लाभ का पद नहीं रह जाता। अगर उस पद पर वेतन या दूसरे आर्थिक लाभ पाने का अधिकार है, तो उसे लाभ के पद के दायरे में माना जा सकता है।

 

यह भी पढ़ें: 'विधानसभा चुनाव में RJD की तरफ से CM का ऑफर मिला', चिराग पासवान ने किया खुलासा

तेजस्वी यादव ने भी उठाए थे सवाल

अशोक चौधरी की नियुक्ति को लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सवाल उठाए थे। उन्होंने नियुक्ति को गलत बताते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की थी। विपक्ष का आरोप था कि एक व्यक्ति का मंत्री, एमएलसी और सरकारी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर रहना नियमों के खिलाफ है।

 

वहीं, अशोक चौधरी ने अपनी नियुक्ति का बचाव किया था। उनका कहना था कि नियुक्ति नियमानुसार हुई है और दूसरे विश्वविद्यालयों में भी प्रोबेशन अवधि के दौरान लियन दिए जाने के उदाहरण हैं। अब असिस्टेंट प्रोफेसर पद से इस्तीफा देने के बाद अशोक चौधरी मंत्री और विधान परिषद सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारियां जारी रख सकेंगे।

Related Topic:#bihar news

और पढ़ें