बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) उम्मीदवारों की दाखिल नामांकन पत्रों के साथ जमा किए गए शपथपत्रों ने उनकी आर्थिक स्थिति की दिलचस्प तस्वीर सामने रखी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं जबकि पार्टी के एक अन्य उम्मीदवार ललन प्रसाद के पास वाहन के नाम पर सिर्फ एक पुरानी बाइक है। वहीं भारती मेहता के पास सोना, चांदी, हीरा और डिजिटल गोल्ड का बड़ा संग्रह है जबकि शिवरानी देवी प्रजापति की संपत्ति अपेक्षाकृत सीमित है।
जेडीयू उम्मीदवार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने अपने हलफनामे में करीब 4.63 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति घोषित की है। इसमें 1.96 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 2.67 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। निशांत के पास हुंडई ग्रैंड आई-10 और किया सेल्टोस जैसी दो कारें हैं। दिलचस्प बात यह है कि उनके पास सोने-चांदी के कोई आभूषण नहीं हैं।
उनकी अचल संपत्ति में नालंदा के कल्याणबीघा तथा पटना के कंकड़बाग, शेखपुरा और जगनपुरा स्थित जमीन और फ्लैट शामिल हैं। इनमें से एक हिस्सा उनकी स्वयं की कमाई से अर्जित है, जबकि बड़ा हिस्सा पैतृक विरासत से मिला है। उनके ऊपर किसी प्रकार का कर्ज भी नहीं है।
यह भी पढ़ें: मां की तेरहवीं पर खर्च को लेकर झगड़ा हो गया, बड़े भाई ने छोटे को मार दी गोली
ललन प्रसाद के पास एक बाइक
जेडीयू उम्मीदवार ललन प्रसाद का हलफनामा अपेक्षाकृत साधारण आर्थिक स्थिति को दर्शाता है। उनके पास वाहन के रूप में केवल 2007 मॉडल की एक मोटरसाइकिल है। दो बैंक खातों में से एक में करीब 2.14 लाख रुपये जमा हैं जबकि दूसरा खाता खाली है। उनकी कुल चल संपत्ति 5.60 लाख रुपये और अचल संपत्ति 14.90 लाख रुपये है। यह अचल संपत्ति पैतृक कृषि भूमि के रूप में मिली है। उनके पास करीब एक लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण भी हैं।
भारती मेहता के पास डिजिटल गोल्ड
जेडीयू की महिला उम्मीदवार भारती मेहता का हलफनामा सबसे आकर्षक माना जा सकता है। उनके पास नकद राशि भले ही केवल 19 हजार रुपये हो, लेकिन निवेश और आभूषणों का बड़ा संग्रह है। उनके नाम पर एक इनोवा कार, करीब 52 लाख रुपये का फिक्स्ड डिपॉजिट, आवासीय और कृषि योग्य जमीन है। इसके अलावा उनके पास 620 ग्राम सोना, 750 ग्राम चांदी, 1.20 लाख रुपये का डिजिटल गोल्ड, 4.60 लाख रुपये मूल्य का हीरा तथा करीब दो लाख रुपये के नीलम और पुखराज हैं।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में घुसकर बरसाए बम, 11 बच्चों समेत 13 की मौत
जेडीयू उम्मीदवार शिवरानी देवी प्रजापति ने अपने हलफनामे में बताया है कि वह 12वीं पास हैं। उनके नाम पर कोई अचल संपत्ति नहीं है। हालांकि, उनके पति के नाम पर करीब 1.50 लाख रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है। शिवरानी के पास 12,800 रुपये नकद, 210 ग्राम सोना और 1.80 किलोग्राम चांदी है। उनके पास कोई वाहन नहीं है। उनकी कुल चल संपत्ति 7.54 लाख रुपये है, जबकि उनके पति की चल संपत्ति 3.25 लाख रुपये बताई गई है। पति के नाम पर 85,489 रुपये का कर्ज भी दर्ज है।
हलफनामों से उभरी दिलचस्प तस्वीर
जेडीयू उम्मीदवारों के हलफनामे यह दिखाते हैं कि पार्टी ने इस चुनाव में अलग-अलग सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमि के चेहरों को मैदान में उतारा है। एक ओर करोड़ों की संपत्ति वाले निशांत कुमार हैं, तो दूसरी ओर सीमित संसाधनों के साथ राजनीति में सक्रिय ललन प्रसाद और शिवरानी देवी प्रजापति भी हैं। वहीं, भारती मेहता की संपत्ति में निवेश और बहुमूल्य आभूषणों की उल्लेखनीय हिस्सेदारी देखने को मिलती है।