logo

मूड

ट्रेंडिंग:

टेलर की दुकान में छिपकर बचने की कोशिश कर रही थी नाबालिग, बदमाशों ने मारी गोली

पटना के दानापुर में दो बदमाशों ने एक नाबालिग लड़की को टेलर की दुकान से बाहर खींचकर गोली मार दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर उनती तालाश में जुटी है।

AI generated image of girl

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit- ChatGPT

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार के पटना जिले के दानापुर में दिनदहाड़े एक नाबालिग लड़की को गोली मारने का मामला सामने आया है। आरपीएस मोड़ स्थित आर्य समाज के गेट के सामने दो बदमाशों ने लड़की को टेलर की दुकान से बाहर खींचकर उसके कंधे में गोली मार दी। गोली लगने से लड़की घायल होकर वहीं गिर गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दोनों बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। परिजन ने घायल लड़की को इलाज के लिए राजा बाजार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

 

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, दो बदमाश काफी देर से नाबालिग लड़की का पीछा कर रहे थे। उनसे बचने के लिए लड़की आरपीएस मोड़ स्थित आर्य समाज डीएवी पब्लिक स्कूल के सामने एक टेलर की दुकान में घुस गई। उसने दुकान के अंदर छिपकर खुद को बचाने की कोशिश की लेकिन दोनों बदमाश भी उसके पीछे दुकान में पहुंच गए। आरोप है कि बदमाशों ने लड़की को जबरन दुकान से बाहर खींचा और उसके कंधे में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही दुकान में मौजूद लोग और आसपास के दुकानदार डर गए।

 

यह भी पढ़ें: 3 महीने में बनेगा बिहार माटी कला बोर्ड, प्रजापति समाज के लिए CM का बड़ा एलान

आरोपियों की तलाश तेज

वारदात के बाद दोनों बदमाश भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। गोली चलने की खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दानापुर थाना पुलिस और लड़की के परिजन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष पीके भारद्वाज ने बताया कि नाबालिग लड़की के कंधे में गोली लगी है और उसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मौके से जरूरी सबूत जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। 

 

पुलिस शुरुआती जांच में घटना को आपसी विवाद और एकतरफा प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी देख रही है। हालांकि, लड़की के परिजन ने अभी इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि लड़की की हालत में सुधार होने के बाद उसका बयान लिया जाएगा। इसके बाद ही घटना की असली वजह साफ हो पाएगी। वहीं दिनदहाड़े हुई इस घटना से दानापुर के लोगों में डर का माहौल है। आरपीएस मोड़ जैसे व्यस्त इलाके में गोली चलने से लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।

 

यह भी पढ़ें: सारण में ऑर्केस्ट्रा से लौट रही थी डांसर, स्कूटी चालक ने किया दुष्कर्म

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि आरपीएस मोड़ के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है और शाम होते ही छेड़खानी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्ती बढ़ाने की मांग की है। उधर पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है और पीड़िता के परिवार से भी पूछताछ कर रही है।


और पढ़ें