logo

मूड

ट्रेंडिंग:

पटना में NIA की छापेमारी, अपार्टमेंट से 20 लाख रुपये नकद बरामद, हिरासत में युवक

पटना में एनआईए की कार्रवाई के दौरान करीब 20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मौके से स्कूटी से भाग रहे एक युवक को पकड़ा गया है और उससे पूछताछ जारी है।

AI generated image

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit- Gemini

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार की राजधानी पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में एनआईए की कार्रवाई के दौरान बड़ा मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान करीब 20 लाख रुपये नकद बरामद किए जाने की सूचना मिली है। इस दौरान एक युवक को पकड़ा गया है जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है। बरामद रकम की जानकारी इनकम टैक्स विभाग को भी दी गई है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में भी दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

 

जानकारी के अनुसार, एनआईए की टीम मेन रोड से सटे जुडियो मॉल के पास स्थित कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट के एक फ्लैट में छापेमारी करने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि टीम को किसी दूसरे मामले में जानकारी मिली थी। इसी आधार पर टीम एक फ्लैट की तलाशी लेने पहुंची थी। इसी दौरान टीम कथित तौर पर दूसरे फ्लैट में भी पहुंच गई। टीम को देखकर वहां मौजूद एक युवक घबरा गया और फ्लैट से निकलकर नीचे की ओर भागने लगा। अपार्टमेंट में एनआईए की टीम को देखकर अफरा-तफरी मच गई। सूत्रों के मुताबिक, एनआईए की टीम का टारगेट कोई और था लेकिन दूसरे फ्लैट में बड़ी मात्रा में नकदी देखकर टीम भी हैरान रह गई।

 

यह भी पढ़ें: कमाई से 1.71 करोड़ ज्यादा संपत्ति, बिहार के BDO के 5 ठिकानों पर EOU की रेड

स्कूटी से भागने लगा युवक

अपार्टमेंट के नीचे पहले से ही एसटीएफ और चित्रगुप्त नगर थाना पुलिस की टीम मौजूद थी। बताया जा रहा है कि युवक जैसे ही स्कूटी से भागने की कोशिश करने लगा पुलिस ने उसे पकड़ लिया। युवक के पास से एक बैग भी बरामद किया गया जिसमें नकदी रखी हुई थी। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर चित्रगुप्त नगर थाने पहुंचाया। वहां उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बरामद रकम करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। 

 

अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के अनुसार, युवक कुछ दिनों से ही फ्लैट में रह रहा था। वह अक्सर आता-जाता था। किसी को जानकारी नहीं थी कि फ्लैट में इतनी बड़ी रकम रखी हुई है। बरामद रकम की जानकारी इनकम टैक्स विभाग को भी दी गई है। इनकम टैक्स की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसका इस्तेमाल किस काम के लिए होना था।

 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, युवक से पूछताछ में कुछ अहम सुराग मिले हैं। यह रकम किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है। एनआईए और एसटीएफ युवक के बैकग्राउंड की भी जांच कर रही हैं। उसके मोबाइल फोन और दूसरे दस्तावेजों को भी खंगाला जा रहे हैं। चित्रगुप्त नगर थाना पुलिस के अनुसार, एनआईए की कार्रवाई के दौरान युवक को पकड़ा गया है। बरामद रकम को लेकर इनकम टैक्स विभाग को जानकारी दी गई है। आगे की कार्रवाई एनआईए और इनकम टैक्स विभाग की टीम कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: पटना में आरक्षण बढ़ाओ, संविधान बचाओ आंदोलन, गांधी मैदान से राजभवन तक मार्च

फ्लैट और पैसों की जांच

घटना के बाद पूरे चित्रगुप्त नगर इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा है। लोग अलग-अलग तरह की बातें कर रहे हैं। कुछ लोग इसे हवाला से जोड़कर देख रहे हैं जबकि कुछ इसे किसी दूसरे बड़े मामले से जोड़ रहे हैं। हालांकि अभी इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस ने युवक की पहचान गोपनीय रखी है और उससे पूछताछ जारी है। 

 

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट का फ्लैट किसके नाम पर है और युवक वहां कैसे रह रहा था। अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। एनआईए की इस कार्रवाई के बाद अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद 20 लाख रुपये कहां से आए और इसका इस्तेमाल किस काम के लिए होना था। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की जानकारी सामने आएगी।


और पढ़ें